उन्नाव में रिश्तों का कत्ल, छोटे भाई के सीने में हसिया से वारकर मार डाला
उन्नाव में बड़े भाई किशन ने शराब के नशे में गाली-गलौज करने पर टोकने पर छोटे भाई दिलीप के सीने ...और पढ़ें

दिवगंत दिलीप की फाइल फोटो। स्वजन
HighLights
नशे में गाली देने पर छोटे भाई दिलीप ने टोका
गुस्से में बड़े भाई किशन ने हसिया से वार किया
जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से था विवाद
संवाद सहयोगी, पुरवा(उन्नाव)। नशे में गाली गलौज कर रहे बड़े भाई किशन को टोकना छोटे भाई दिलीप को महंगा पड़ गया। गुस्से में किशन ने हंसिया उठाकर दिलीप के सीने में वार कर दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पत्नी की तहरीर पर किशन के विरुद्ध हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्जकर आरोपित को हिरासत में लिया है।
क्षेत्र के गांव चक जमालपुर निवासी दिवगंत सुन्दरलाल का 29 वर्षीय बेटा दिलीप रविवार रात लगभग नौ बजे पत्नी माधुरी के साथ घर पर था। तभी बड़ा भाई किशन शराब के नशे में दरवाजे आया और माधुरी को गाली देने लगा। दरवाजे के बाहर निकली माधुरी ने जब गाली का विरोध किया तो किशन ने हाथ में पकड़ी हंसिया से माधुरी के हांथ पर वार कर दिया।
शोर सुनकर घर से बाहर आया दिलीप बचाने दौड़ा तो किशन ने दिलीप के सीने पर हंसिया से वार कर दिया। दिलीप गंभीर रूप से घायल हो गया।गंभीर रूप से घायल दिलीप को पत्नी माधुरी अन्य ग्रामीणों की मदद से सीएचसी लेकर पहुंची। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दिलीप की मौत की खबर सुनते ही पत्नी माधुरी बेसुध हो गई। माधुरी ने बताया कि पति दिलीप से उसका चार वर्ष पूर्व विवाह हुआ था। उसके कोई संतान नहीं है। पति मजदूरी कर भरण पोषण करते थे। बताया कि बड़ा भाई किशन जमीन के बंटवारे को लेकर अक्सर विवाद करता था। वह शराब का लती था।
दिलीप चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। बड़े भाई व माता, पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। जबकि छोटा भाई कुलदीप है। पुलिस ने जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। कोतवाल भवन सिंह मौर्य ने बताया कि पत्नी की तहरीर पर आरोपित किशन के विरुद्ध हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
