मकर संक्रांति पर गंगा स्नान कर किया दान-पुण्य
मकर संक्रांति पर गंगा स्नान करने के लिए लोगों की भीड़ सुबह से ही गंगा तट पर दिखी। स्नानार्थियों ने गंगा में डुबकी लगाकर सूर्य को अर्ध्य दिया तो साथ ही पुरोहितों को दान दिया। जिले के बक्सर कोलुहागाढ़ा बंदी माता घाट नानामऊ में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी।
जागरण टीम, उन्नाव : मकर संक्रांति पर गंगा स्नान करने के लिए लोगों की भीड़ सुबह से ही गंगा तट पर दिखी। स्नानार्थियों ने गंगा में डुबकी लगाकर सूर्य को अर्घ्य दिया तो साथ ही पुरोहितों को दान दिया। जिले के बक्सर, कोलुहागाढ़ा, बंदी माता घाट, नानामऊ में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी।
बुधवार को मकर संक्रांति पर ब्रह्म मुहूर्त में परियर के गंगा तट पर श्रद्धालुओं का जान सैलाब उमड़ पड़ा। गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पूजा अर्चना कर पुरोहितों को दान दक्षिणा दिया। श्रद्धालुओं की भीड़ गंगा किनारे, जानकी कुण्ड आश्रम, बलखंडेश्वर मंदिर परिसर में मंगलवार की शाम से ही पहुंचना शुरू हो गई थी। रात में यह श्रद्धालु कीर्तन भजन करने के बाद सुबह ब्रह्मा मुहूर्त में गंगा स्नान व पूजा अर्चना किया और अपने परिवार की मंगल कामनाएं की। तीर्थ पुरोहितों को चमड़ी की दान दक्षिणा दी। रास्ते में पड़ने वाले मंदिर बाबा बलखंडेश्वर, जानकी कुंड, भीमेश्वर आदि मंदिरों में जलाभिषेक किया। इस दौरान घाट पर सफीपुर कोतवाली प्रभारी अशोक कुमार पांडेय फोर्स सहित मौजूद रहे। वही मकर संक्रांति पर्व पर सफीपुर कस्बे में जगह जगह खिचड़ी भोज का आयोजन किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष नसीम अहमद ने द्वारा आयोजित खिचड़ी भोज में सैकड़ों लोगों ने भाग लिया। पूर्व सभासद संजीव गुप्ता ने खिचड़ी भोज का आयोजन किया। बक्सर में गंगा तट पर भक्तों की सुबह से भी भीड़ उमड़ी। स्नान के बाद लोगों ने मां चंडिका देवी के दर्शन किए तो वहीं खरीददारी की। इस तरह अन्य गंगा के घाटों पर भी लोगों ने संक्राति पर स्नान किया।