उन्नाव में ब्रजभूषण शरण ने सीजेपी पर तीखा हमला, बोले-मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन में विदेशी ताकतों का हाथ
पूर्व सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर हो रहे प्रदर्शनों के पीछे ...और पढ़ें

असोहा के सिरवइया गांव स्थित मां पूर्वी देवी मंदिर परिसर में आयोजित मेला कार्यक्रम में पूर्व सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह का माला पहनाकर स्वागंत करते पदधिकारी। मेला आयोजक
HighLights
ब्रजभूषण ने CEC प्रदर्शनों में विदेशी ताकतों का हाथ बताया
कहा, विदेशी ताकतें देश को बांग्लादेश-पाकिस्तान बनाना चाहती हैं
पुरवा में पूर्वजों की जड़ें तलाशने आए, राजनीति नहीं
संवाद सहयोगी, पुरवा (उन्नाव)। कैसरगंज सीट से भाजपा के पूर्व सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह ने विपक्ष द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर किए गए प्रदर्शन के सवाल पर कहा कि पहले नियुक्ति प्रक्रिया अलग थी। लेकिन सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद नियुक्ति की व्यवस्था ठीक हो गई है।
प्रक्रिया के तहत इस्तीफा मांगने के बजाए विपक्ष को जनता के बीच जाना चाहिए। उन्होंने प्रदर्शन के पीछे विदेशी ताकतों का हाथ होना बताया। साथ ही कहा कि प्रदर्शनकारी देश को बांग्लादेश, पाकिस्तान बनाना चाहते है। विदेशी ताकतें अपनी शर्तों पर भारत में व्यापार करना चाहते है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारी सुप्रीम कोर्ट को नीचा दिखाना चाहते है।
पूर्व सांसद गुरुवार को पुरवा विधानसभा के असोहा ब्लाक की ग्राम पंचायत सिरवइया में मां पूर्वी देवी मंदिर प्रांगण में आयोजित मेला समारेाह को संबोधित करने अपने निजी हेलीकाप्टर से आए थे। मंदिर के मेला समारोह को संबोधित करने के बाद उन्होंने पत्रकारों के सवाल पर उक्त प्रतिक्रिया दी।
पत्रकारों ने पूर्व सांसद से पुरवा से भाजपा विधायक अनिल सिंह द्वारा दिए गए बयान ब्रजभूषण दादा की उम्र 70 वर्ष से अधिक होने पर याददाश्त कमजोर हो गई वाले बयान पर नो कमेंट कहकर बात समाप्त कर दी।
इसी तरह अखिलेश यादव के 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर दिए गए बयान के सवाल पर भी नो कमेंट बोलकर बात खत्म कर दी। उन्होंने पत्रकारों द्वारा उन्नाव के पुरवा से चुनाव लड़ने की इच्छा है क्या सवाल किया तो बोले कि मैं यहां सिर्फ पूर्वी देवी का दर्शन करने आया हूं राजनीति करने नहीं।
इसके पूर्व पूर्व सांसद ने मां पूर्वी देवी की पूजा अर्चना की। उन्होंने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि पुरवा की धरती उनके पूर्वजों की जन्म भूमि है। हम अपने पूर्वजों को ढूंढने आए है।
उन्होंने कहा कि उनके पूर्वज 1887 की क्रांति के दौरान यहां से गोंडा चले गए थे। यहां से पारिवारिक जुड़ाव है। हम यहां राजनीति करने नहीं बल्कि अपने पूर्वजों की जड़ों को तलाशने आए है। यहां के लोगों से संबंध बनाने आए है। उन्होंने स्वयं द्वारा कराई जा रही राष्ट्रकथा के लिए सभी को निमंत्रण भी दिया।
पूर्व सांसद ने कहा कि कार्यक्रम में चाहे 20 हजार लोग आ जाए सभी की अच्छी व्यवस्था रहेगी। कार्यक्रम आयोजक सतीश त्रिपाठी ने गदा भेंटकर व फूलमालाओं से लादकर साथियों के साथ स्वागत किया। भाजपा नेता उत्तम चंद्र लोधी, पवन मिश्रा, राजेंद्र लोधी, राजेंद्र सिंह, ब्रजभान सिंह, गंगा प्रसाद वर्मा समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
मैं 72 का हो गया हूं कहकर कसा तंज
पूर्व सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह ने अपने संबोधन के दौरान जैसे ही कहा कि मैं अब 72 का हो गया हूं। मेरी याददाश्त भी कमजोर हो गई है तो लोगों ने जमकर तालियां बजाना शुरू कर दिया। उनके इस बयान को भाजपा विधायक अनिल सिंह द्वारा उनकी उम्र को लेकर पूर्व में दिए गए बयान से जोड़ लाेग तंज कसने की चर्चा करते रहे। हालांकि उन्होंने पत्रकारों ने जब विधायक के बयान पर पूछा तो उन्होंने नो कमेंट कहा।
