तड़पते महंत आनंदेश्वरदास और प्रभाकरदास के मददगार बने अखिलेश यादव
कानपुर-लखनऊ हाईवे पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का नया अवतार नजर आया। यहां हादसे के बाद लोग कार में फंस गए थे। अखिलेश ने उनकी मदद की।
लखनऊ (जेएनएन)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने लखनऊ जा रहे दो महंतों के लिए पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मददगार बन गए। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर टायर फटने से उनकी कार पलट गई थी और दो महंतों समेत तीन सवार घायल हो गए। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का काफिला उधर से गुजरा। उन्होंने दोनों घायलों को कार से बाहर निकलवाया और अपने एस्कार्ट वाहन से लखनऊ भिजवाया।
मंगलवार सुबह करीब 10 बजे लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे पर हसनगंज थाना क्षेत्र के ताला सरांय गांव के सामने टायर फटने से तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में कार सवार वृंदावन के एक आश्रम के महंत आनंदेश्वरदास, प्रभाकरदास और कर्नाटक निवासी धीरा उर्फ माधवदास कार में फंस गए। इसी बीच आगरा की ओर जा रहा पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का काफिला गुजरा। मदद के लिए छटपटाते घायलों को देखकर पूर्व मुख्यमंत्री ने काफिला रुकवा कर सभी को कार से बाहर निकलवाया। महंत आनंदेश्वरदास और प्रभाकरदास की हालत गंभीर देख उनको अपने एस्कॉर्ट वाहन से लखनऊ भिजवाया। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने मामूली रूप से घायल धीरा उर्फ माधवदास से घटना की जानकारी ली और एंबुलेंस बुला उनको भी इलाज को लखनऊ भिजवाया। पुलिस सूत्रों की माने तो कार सवार महंत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने लखनऊ जा रहे थे।