द्वारचार के दौरान छज्जा गिरा, एक की मौत, 36 घायल
हसनगंज, संवादसूत्र : थाना क्षेत्र के ग्राम अहमदपुर वोद में लड़के की तिलक और बेटी की शादी में चल रहे मंगल गीतों का माहौल अचानक चीख चीत्कार में बदल गया। बहन की आई बरात में द्वारचार के दौरान दो मंजिले छत पर खड़ी महिलाओं सहित छज्जा भरभरा कर गिर पड़ा। इसके नीचे खडे़ घर व बरात में आई महिला, पुरुष और बच्चे सहित 36 लोग घायल हो गए। इसमें गंभीर रूप से घायल परिवार के 12 वर्षीय लड़के की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।
हसनगंज थाना क्षेत्र के अहमदपुर वोद निवासी छोटे लाल सिंह के पुत्र अमित सिह का मंगलवार को तिलक व पुत्री सीता की शादी थी। अमित की आसीवन थाना क्षेत्र के गांव पारा से तिलक आई थी जबकि सीता की बरात लखनऊ जनपद के बंथरा थाना क्षेत्र के नेवाजी खेड़ा निवासी सोनू सिंह पुत्र राजू सिंह आई थी। अमित का तिलक चढ़ चुका था। रात सवा 12 बजे के करीब द्वारचार के लिए गाजे बाजे के साथ बरात दरवाजे पर थी। बरात देखने के लिए दो मंजिल के छच्जे पर महिलाओं व लड़कियों का जमावड़ा लगा था।नीचे मंगलचार चल रहा था कि अचानक छज्जा भरभरा कर गिर गया। इससे वहां चीख पुकार मच गई। इससे दूल्हे के चाचा राजाराम (60) व पौत्र खड़ानन घायल हुए तथा कन्या पक्ष के बारह वर्षीय शिवा चचेरे भाई, बहन लक्ष्मी (14) व भाभी ममता (25) आशीष (8), शालिनी (16) सहित 36 लोग घायल हो गए। इसमें चचेरे भाई शिवा की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। बहन लक्ष्मी, आशीष, ममता, शालिनी को गंभीर हालत में ट्रामा सेंटर लखनऊ में भर्ती कराया गया है तथा अन्य पड़ोसी व रिश्तेदारों में सत्यम, नागेंद्र सिंह, प्रिया, गोल्डी, बब्ली, बेबी, आजाद, अवधेश, सरिता, रामकिशन, शिवंागी, जगदीश आदि लोगों को हसनगंज मोहान के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
धरी रह गई सारी तैयारियां
बच्चे की मौत के बाद तो माहौल पूरी तरह से मातमी हो गया। स्वागत व खाने पीने की व्यवस्था धरी की धरी रह गयी। हादसे में हर कोई अपनों को ढूंढ़ अस्पताल लेकर भागने लगे। जयमाल के लिए सजे पंडाल व कुर्सियां इंतजार करती रह गई। आनन-फानन कुछ जिम्मेदार रिश्तेदार सादगी में वैवाहिक रस्में अदा करके रात में ही विदाई कर दी।