सूरज की तपिश ने किया बेहाल, उमस बरकरार
जिले में पारा 37 डिग्री के पार पहुंचा। वहीं दो दिन बाद बारिश के आसार बन रहे हैं।
सुलतानपुर : भीषण गर्मी और तपिश आम और खास सभी के लिए परेशानी का सबब बनी है। मौसम की इस बेरुखी से लोग बेहाल हैं। धूप से बचने के लिए छाता और गमछा सहारा ले रहे है। तकरीबन एक सप्ताह से गर्मी चरम पर है। दिन-प्रतिदिन तापमान में बढ़ोत्तरी हो रही है। उमस के चलते पंखे की हवा भी काम नहीं कर रही है। ऐसे में बिजली की कटौती से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को खासी परेशानी हो रही है।
सोमवार सुबह की शुरुआत तेज धूप से हुई। दोपहर में धूप और चटक हो गई तो सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। हर कोई छांव की तलाश में भटकता दिखाई पड़ा। बेहद जरूरी होने पर लोग सिर व मुंह पर गमछा बांधकर तथा महिलाएं छाता व चेहरे को कपड़े से ढंककर घरों से बाहर निकलीं। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि मानसून की आमद पूर्वी उत्तर प्रदेश में 18 जून के बाद है। वहीं मंगलवार को तेज आंधी चलने तथा 17 व 18 को बरसात होने की संभावनाएं है। अधिकतम तापमान 37 और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
तरबूज-खरबूज की बढ़ी बिक्री : मौसम की प्रतिकूलता और तपिश से बचने के लिए लोग लस्सी, नीबू की शिकंजी, आम का पना और अन्य शीतल पेय का सहारा ले रहे हैं। तरबूज-खरबूज, खीरा-ककड़ी की बिक्री में भी इजाफा हुआ है। वहीं बिजली के उपकरणों पंखा, कूलर, एसी आदि की खरीदारी भी बढ़ी है।