कर्मचारियों को दिन दहाड़े मारी गोली, लूटे 16 लाख रुपये
सुल्तानपुर में लुटेरों ने गोली मारकर लूटे साढ़े 16 लाख रुपये। मामले की छानबीन कर रही है पुलिस।
सुल्तानपुर, जेएनएन। जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। सोमवार सुबह कुछ बाइक सवार बदमाशों ने साढ़े 16 लाख रुपयोंं की लूट की। विरोध करने पर उन्होंने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जिससे एक कर्मचारी घायल हो गया उसे इलाज के लिए सीएचसी भेज दिया गया।
क्या है मामला
मामला चांदा कोतवाली का है। सुबह 11 बजे एक कांस्ट्रक्शन कंपनी के सहायक प्रबंधक मानवेंद्र सिंह (35) अपने सहयोगी सुनील मौर्य (33) के साथ बाइक से जा रहे थे। लम्भुआ बाजार बैक में पैसा जमा करने जा रहे थे। बाइक सुनील मौर्य चला रहा था। शेरपुर परशुरामपुर गांव के पास पहुंचे थे कि पीछे से आ रहे एक बाइक पर सवार दो बदमाशों ने ओवरटेक कर उन्हें रुकने का इशारा किया। सुनील ने बाइक नहीं रोकी। जिससे एक बदमाश ने गोली मार दी गोली और सुनील बाइक लेकर गिर गया। मानवेंद्र से बदमाश बैग छीनने लगे लेकिन वह नहीं छोड़ रहा था। जिससे तमंचे के बट से मारकर उसे भी घायल कर दिया गया।
बाल-बाल बचे कर्मचारी
बाइक सवार बदमाशों ने दोनों कर्मचारियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। एक गोली सुनील मौर्य के कान को छूती हुई निकल गई और वहीं मानवेंद्र के हाथ में गोली लगी। जिससे वो जख्मी हो गए। पुलिस अधीक्षक हिमांशु कुमार मामले की छानबीन कर रहे हैं।
क्या कहती है पुलिस
एडीजी राजीव कृष्ण ने बताया कि मामले में पुलिस की कई टीमें काम कर रही हैं। जल्द ही इसका खुलासा कर दिया जाएगा। घटना के हर पहलू को बारीकी से जांच किया जा रहा है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप