दो समुदाय के लोगों में जमकर हुई मारपीट, कई घायल; प्रतिबंधित पशु के वध की अफवाह को बताया जा रहा घटना का कारण
कस्बे में दो समुदाय के लोग अचानक एक दूसरे पर हमलावर हो गए। जमकर लाठी-डंडे व गुम्मे चले। इस दौरान एक पक्ष के दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि 12 अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापपुर कमैचा ले जाया गया जहां गंभीर हालत में कोइरीपुर निवासी इरशाद उर्फ डब्लू तथा अबूशाद को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
संवाद सूत्र, कोइरीपुर (सुलतानपुर)। ईद के दिन (गुरुवार) दो समुदाय के लोग भिड़ गए। इस दौरान हुई मारपीट में कई लोग घायल हो गए। इनमें एक पक्ष के दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पता चला है कि प्रतिबंधित पशु के वध की अफवाह उड़ाए जाने के कारण यह घटना हुई। हालांकि, पुलिस का कहना है इस बारे में पता किया जा रहा है।
कस्बे में दो समुदाय के लोग अचानक एक दूसरे पर हमलावर हो गए। जमकर लाठी-डंडे व गुम्मे चले। इस दौरान एक पक्ष के दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि 12 अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापपुर कमैचा ले जाया गया, जहां गंभीर हालत में कोइरीपुर निवासी इरशाद उर्फ डब्लू तथा अबूशाद को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
कोतवाल चांदा रविंद्र कुमार सिंह व कोइरीपुर चौकी इंचार्ज वेद प्रकाश शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी लम्भुआ अब्दुस सलाम खान, उप जिलाधिकारी दीपक वर्मा एवं लंभुआ कोतवाल अखंडदेव मिश्र ने पुलिस बल समेत सीआईएसएफ के जवानों के साथ पद मार्च किया।
चांदा कोतवाल ने बताया कि एक पक्ष से तहरीर प्राप्त हुई है, तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बहाल है।
घटना के संबंध में पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि एक पक्ष की ओर से पड़ोसी प्रतापगढ़ जनपद के कुछ लड़के आए थे। उनमें से एक के ऊपर आपराधिक मुकदमे पहले से कायम हैं। घटना किन कारणों को लेकर हुई, उसकी गहन छानबीन की जा रही है। प्रतिबंधित पशु के वध की बात अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। फिलहाल, मामले की बारीकी से छानबीन की जा रही है।