सुलतानपुर में एक हफ्ते में साढ़े 3 लाख लोगों को रोजगार का अवसर, 2 हजार परियोजनाओं पर होगा काम
सुलतानपुर में 23 से 30 नवंबर तक विशेष रोजगार सप्ताह आयोजित होगा, जिसका लक्ष्य 979 ग्राम पंचायतों में साढ़े तीन लाख मानव दिवस सृजित करना है।

2000 परियोजनाओं पर काम होगा, जिसमें जल संरक्षण और ग्रामीण परिसंपत्तियों के विकास पर विशेष जोर रहेगा।
HighLights
23-30 नवंबर तक सुलतानपुर में विशेष रोजगार सप्ताह।
साढ़े तीन लाख मानव दिवस सृजन का लक्ष्य निर्धारित।
जल संरक्षण और ग्रामीण विकास पर विशेष जोर।
जागरण संवाददाता, सुलतानपुर। गांवों में श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने और ग्रामीण परिसंपत्तियों के विकास के लिए 23 से 30 नवंबर तक विशेष रोजगार सप्ताह आयोजित किया जाएगा। इसके तहत 979 ग्राम पंचायतों में साढ़े तीन लाख मानव दिवस सृजन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। 2000 परियोजनाओं पर काम कराने की तैयारी चल रही है। सात दिनों तक गांवों में विकास और रोजगार से जुड़े कार्यों पर काम चलेगा। जिसमें जल संरक्षण पर विशेष जोर रहेगा।
विशेष रोजगार सप्ताह की तैयारियां 21 नवंबर से शुरू हो जाएंगी। इसके लिए शासन ने विकासखंडवार लक्ष्य निर्धारित कर संबंधित अधिकारियों को शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अभियान के दौरान तालाब और खेत में तालाबों की खोदाई, संपर्क मार्ग, नाली-खड़ंजा निर्माण, सिंचाई नालियों, सामुदायिक कैटल शेड, खेल मैदान और जल संरक्षण से जुड़े कार्य कराए जाएंगे। इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्रों और अन्नपूर्णा भवनों से संबंधित अधूरे कार्यों को पूरा कराने पर भी जोर रहेगा।
अमृत सरोवरों की बदलेगी सूरत
जिले में बने अमृत सरोवरों के रखरखाव, सफाई और सुंदरीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। जल संरक्षण के साथ पौधारोपण और लगाए गए पौधों की सुरक्षा के कार्य भी कराए जाएंगे। प्रशासन की मंशा है कि रोजगार सप्ताह के दौरान ऐसे कार्यों को प्राथमिकता मिले, जिनसे श्रमिकों को पर्याप्त रोजगार मिलने के साथ गांवों को भी स्थायी लाभ मिल सके।
ई-मस्टर रोल से होगी निगरानी
रोजगार सप्ताह के दौरान कार्यस्थलों पर श्रमिकों की वास्तविक उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए ई-मस्टर रोल समय से जारी किए जाएंगे। कार्य शुरू होने से पहले और पूरा होने के बाद की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी अनिवार्य होगी। अधिकारी ग्राम पंचायतों का निरीक्षण कर यह तय करेंगे कि पात्र श्रमिकों को काम मिल रहा है या नहीं। पूरे अभियान की निगरानी मुख्य विकास अधिकारी और उपायुक्त श्रम रोजगार करेंगे।
उपायुक्त वीबीजीरामजी अजीत कुमार सिंह ने कहा कि 23 से 30 नवंबर तक विशेष रोजगार सप्ताह आयोजित किया जाएगा। जिसमें सभी 14 विकासखंडों में साढ़े तीन लाख मानव दिवस सृजित कराने का लक्ष्य शासन से मिला है। 2000 परियोजनाओं पर काम कराने का प्रस्ताव है। जल संरक्षण पर विशेष रूप से ध्यान दिया जाएगा।