सुलतानपुर में सड़क हादसों का कहर, 3 दुर्घटनाओं में दो की मौत; पिता-पुत्र घायल
सुलतानपुर जिले में तीन अलग-अलग सड़क हादसों में एक भट्ठा मालिक सहित दो लोगों की मौत हो गई।

हादसे में एक पिता-पुत्र भी गंभीर रूप से घायल
HighLights
सुलतानपुर में तीन अलग-अलग सड़क हादसों में दो की मौत।
भट्ठा मालिक हरिभजन सिंह की ट्रेलर टक्कर से हुई मौत।
पिता-पुत्र बाइक-ट्रैक्टर टक्कर में गंभीर रूप से घायल हुए।
जागरण टीम, सुलतानपुर। जिले में अलग-अलग हुई कुल तीन घटनाओं में भट्ठा मालिक समेत दो लोगों की मौत हो गई जबकि पिता-पुत्र समेत दो लोग चोटिल हुए हैं। हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने दोनों को जिला मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। घटनाएं भदैया और मोतिगरपुर इलाके में हुई हैं।
भदैया के कोतवाली देहात क्षेत्र के प्रतापगंज बाजार में तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार भट्ठा मालिक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां से लखनऊ रेफर किया गया। लखनऊ स्थित केजीएमयू ट्रामा सेंटर में उनकी मौत हो गई। मृतक की पहचान अमेठी जिले पीपरपुर निवासी 70 वर्षीय हरिभजन सिंह के रूप में हुई है। वह ईंट भट्टा संचालक थे।
परिवारजन के मुताबिक वह शुक्रवार सुबह 11 बजे बाइक से निजी काम से सुलतानपुर आए थे। प्रतापगंज बाजार में पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। घटना में उन्हें गंभीर चोटें आई। देहात कोतवाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर छानबीन की जाएगी।
एक अन्य घटना में भदैया इलाके के बेलासदा गांव निवासी 58 वर्षीय रघुनाथ यादव उर्फ बाबा की मौत हो गई। परिवारजन ने बताया कि गुरुवार देर शाम रघुनाथ घर से दोमुंहा चौराहे पर काम से गए थे। चौराहे से वह पैदल लौट रहे थे तभी घर से महज 20 मीटर पहले सुलतानपुर की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार बाइक सवार युवक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
सिर में गंभीर चोट लगने से घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि बाइक चालक कान में मोबाइल फोन लगाकर बात कर रहा था। हादसे के बाद बाइक छोड़कर वह फरार हो गया। मृतक के भाई ने कोतवाली देहात में तहरीर दी है। कोतवाल धर्मवीर सिंह ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- बहादुरगढ़ में दो सड़क हादसों से दो लोगों की मौत, केएमपी और बाईपास पर हुआ एक्सीडेंट
मोतिगरपुर के कुड़वार के धरावां गांव निवासी मथुरा प्रसाद बेटे हरिश्चंद्र के साथ बाइक से पारसपट्टी गांव जा रहे थे। शाहपुर लपटा गांव के पास वे लकड़ी का सामान लादकर पांडेबाबा मेला जा रहे ट्रैक्टर से ओवरटेक करने लगे। इसी दौरान सामने से रोडवेज बस आ गई। बस को जगह देने के लिए उन्होंने बाइक रोकी तो ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी।
इस घटना में पिता-पुत्र को गंभीर चोटें आई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को मोतिगरपुर सीएचसी पहुंचाया गया जहां से जिला मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी अनिरुद्ध कुमार सिंह ने बताया कि क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर और बाइक कब्जे में है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई होगी।
