सुलतानपुर में रामलीला के दौरान बवाल, सीता का रोल निभा रहे युवक की ईंट मारकर आंख फोड़ी
सुलतानपुर के धनपतगंज में रामलीला के दौरान हुए विवाद में सीता का अभिनय कर रहे कलाकार सोहन लाल की आंख ...और पढ़ें

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है
HighLights
सुलतानपुर में रामलीला के दौरान कलाकार पर हमला।
सीता का अभिनय कर रहे सोहन लाल की आंख जख्मी।
पुलिस ने चार आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया।
जागरण संवाददाता, सुलतानपुर। धनपतगंज थाना क्षेत्र के पंडरे गांव में सोमवार रात रामलीला के दौरान हुए विवाद में सीता का अभिनय कर रहे कलाकार सोहन लाल पर ईंट से हमला कर दिया गया। हमले में उनकी आंख गंभीर रूप से जख्मी हो गई। जिला अस्पताल से रेफर किए जाने के बाद उनका इलाज लखनऊ मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक, गांव में रामलीला के साथ मंदिर पर भंडारे का आयोजन किया गया था। इसी दौरान विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि सोहन लाल के भाई सुखराम के साथ मारपीट की गई।
विवाद बढ़ने पर सोहन लाल बीच-बचाव करने पहुंचे। इसी दौरान उन पर ईंट से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद रामलीला स्थल पर अफरातफरी मच गई। समिति के सदस्यों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया।
पीड़ित सोहन लाल ने धनपतगंज थाने में तहरीर देकर दिलीप सरोज, सुरजीत सरोज, मोनू यादव और शेर बहादुर सरोज को आरोपित किया है।
थाना प्रभारी अंजू मिश्रा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में पूछताछ के लिए दो लोगों को थाने लाया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
