सुलतानपुर के हर थाने पर ई-रिक्शा और ऑटो ड्राइवरों के सत्यापन के लिए लागू होगी नई व्यवस्था, सरकारी आदेश जारी
सुलतानपुर में पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने ई-रिक्शा और ऑटो चालकों के चरित्र सत्यापन के लिए नई व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए हैं।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
सुलतानपुर में ई-रिक्शा, ऑटो चालकों के चरित्र सत्यापन की नई व्यवस्था।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने सख्त निर्देश दिए, एसपी कार्यालय से निगरानी।
हाल की घटना के बाद आपराधिक चालकों पर लगाम लगाने का उद्देश्य।
जागरण संवाददाता, सुलतानपुर। जनपद के प्रत्येक थाना क्षेत्र में धड़ल्ले से दौड़ रहे ई-रिक्शे और आटो चालकों के चरित्र सत्यापन की अब नए सिरे से व्यवस्था होगी। इस बाबत पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनीत जायसवाल ने निर्देश दिए हैं। सुस्त पड़ी सत्यापन व्यवस्था की मानिटरिंग अब एसपी कार्यालय से ही होगी। इसके लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार की जा रही है।
हाल ही में नगर कोतवाली इलाके से एक आटो चालक मानसिक विक्षिप्त युवती और छोटे बच्चे को बैठाकर अपने घर लेकर चला गया। युवती के परिवारजन की तहरीर पर अपहरण का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने छानबीन की तो आटो चालक की पहचान हुई। चालक के घर से ही दोनों को पुलिस ने बरामद किया।
मामले में आटो चालक को जेल भेज दिया गया। इस घटना के बाद आटो और ई-रिक्शा चालकों के अपराध में शामिल होने और सत्यापन व्यवस्था पर सवाल उठे। जागरण ने ऐसे चालकों की मनमानी और अराजकता को प्रमुखता से प्रकाशित किया।
यह भी पढ़ें- 100-200 नहीं; 4500 साल पुरानी हैं मांडी में मिलीं 3000 स्वर्ण मुद्राएं, गंगा घाटी सभ्यता के मिले ऐतिहासिक प्रमाण
ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति और आपराधिक प्रवृत्ति के चालकों को शहर में सवारी वाहनों के संचालन से रोकने के लिए मंगलवार को एसपी ने निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने यातायात पुलिस से भी इस संबंध में रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट के आधार पर विस्तृत एसओपी तैयार कर सत्यापन व्यवस्था को गति दी जाएगी।
रूट निर्धारण व्यवस्था पर विचार
पूर्व में ई-रिक्शों के लिए तय की गई रूट निर्धारण व्यवस्था ठंडे बस्ते में जा चुकी है। इस योजना की समीक्षा कर दोबारा रूट तय करने, शहर में आवश्यक डायवर्जन और वन-वे लागू करने के बारे में भी विचार किया जा रहा है। जल्द ही यह बदलाव भी शहरवासियों को देखने को मिलेंगे।
यह भी पढ़ें- यूपी में होगी सहायक अध्यापकों की बंपर भर्ती, एजुकेशन क्वालिफिकेशन में बदलाव के बाद अब आयोग जल्द जारी करेगा विज्ञापन
ई-रिक्शा, आटो चालकों का सत्यापन कर रिकार्ड तैयार किया जाएगा। जिनके खिलाफ गंभीर मुकदमे हैं उनकी जांच के आधार पर पुलिस निगरानी करेगी। आवश्यकता पड़ने पर ऐसे चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी। -विनीत जायसवाल, एसपी
