विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सुलतानपुर में दो नवंबर से होगी धान की खरीद, पोर्टल पर 559 किसान कर चुके हैं आवेदन; MSP भी निर्धारित

Published: Fri, 30 Oct 2026 05:49 PM (IST)

सुलतानपुर जिले में 2 नवंबर से धान खरीद शुरू होगी, जिसके लिए 88 केंद्र निर्धारित किए गए हैं और 559 किसानों ने पंजीकरण कराया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. सुलतानपुर में 2 नवंबर से धान खरीद होगी शुरू।

  2. किसानों की पहचान अब आइरिस स्कैन से की जाएगी।

  3. धान का समर्थन मूल्य ₹2441 प्रति क्विंटल निर्धारित।

जागरण संवाददाता, सुलतानपुर। जिलेभर में दो नवंबर से धान खरीद की जाएगी। किसानों से धान खरीद के लिए फिलहाल 88 क्रय केंद्र निर्धारित किए गए हैं। जबकि 20 अन्य केंद्र प्रस्तावित हैं। खरीद करने वाली एजेंसियों को केंद्र आवंटित हो चुके हैं। विपणन विभाग ने किसानों के पंजीकरण के लिए पोर्टल भी खोल दिया है।

अभी तक जिले में 559 किसान आवेदन कर चुके हैं, 170 का सत्यापन भी किया जा चुका है। इस बार धान का समर्थन मूल्य पिछले वर्ष की तुलना में 72 रुपये बढ़ाकर 2441 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। पिछले वर्ष समर्थन मूल्य 2369 रुपये प्रति क्विंटल था।

जिले में इस बार एक लाख 27 हजार 317 हेक्टेयर क्षेत्रफल में धान की खेती की गई है। कृषि विभाग के आकलन के अनुसार चार लाख 89 हजार 518 मीट्रिक टन धान उत्पादन की संभावना है।

प्रति हेक्टेयर औसत उपज 38.45 क्विंटल रहने का अनुमान है। अधिकारियों के अनुसार किसानों की सुविधा के लिए आने वाले दिनों में क्रय केंद्रों की संख्या और बढ़ाई जा सकती है।

आइरिस स्कैन से होगी किसान की पहचान

धान खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता के लिए इस बार तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। किसानों की पहचान अंगूठे के निशान के बजाय आंखों के आइरिस स्कैन से की जाएगी। इसके लिए ई-पाप (इलेक्ट्रानिक प्वाइंट आफ परचेज) मशीन में आइरिस स्कैनर लगाया जाएगा। जिले को 109 मशीनें मिली हैं।

पंजीकरण के लिए ये दस्तावेज जरूरी

धान बेचने के लिए किसानों को फार्मर रजिस्ट्री, खसरा और खतौनी के साथ विभाग की वेबसाइट एफसीएस.यूपी.इन पर पंजीकरण कराना होगा। 100 क्विंटल तक धान बेचने वाले किसानों का अलग से सत्यापन नहीं कराया जाएगा। किसान मित्र एप के माध्यम से किसान घर बैठे भी पंजीकरण कर सकेंगे। पंजीकरण प्रक्रिया सोमवार से शुरू कर दी गई है।

किस एजेंसी को कितने दिए गए केंद्र

क्र. सं. संस्था / शाखा संख्या
1 विपणन शाखा 35
2 पीसीएस 25
3 पीसीयू 09
4 यूपीएसएस 16
5 कृषि उत्पादन मंडी समिति 01
6 भारतीय खाद्य निगम 02
विवरण आंकड़े
कुल रकबा 1,27,317 हेक्टेयर
उत्पादन 4,89,518 मीट्रिक टन
प्रति हेक्टेयर आकलन 38.45 क्विंटल
समर्थन मूल्य 2441 रुपये प्रति क्विंटल
केंद्र 88

क्या कहते हैं अधिकारी‌

धान खरीद के लिए 88 केंद्र अनुमोदित हैं और 20 अन्य प्रस्तावित हैं। जनपद में 109 ईपाश मशीन व आइरिश स्कैन मशीनें केंद्र प्रभारियों को उपलब्ध करा दी गई हैं। धान खरीद की तैयारियां पूरी कर ली गई है। 559 किसानों का अभी तक पंजीकरण किया जा चुका है और 170 का सत्यापन किया जा चुका। आवश्यकता के अनुसार क्रय केंद्रों की संख्या बढ़ाई भी जाएगी। -संजय पांडेय, जिला विपणन अधिकारी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।