10 करोड़ से बनेगी सुलतानपुर की हनुमानगंज-शंभूगंज सड़क, 7 मीटर चौड़ी होगी 8 KM लंबी रोड; काम शुरू
सुलतानपुर में हनुमानगंज-शंभूगंज मार्ग को 10 करोड़ रुपये की लागत से सात मीटर चौड़ा किया जा रहा है। आठ किलोमीटर ...और पढ़ें

HighLights
हनुमानगंज-शंभूगंज मार्ग 10 करोड़ की लागत से चौड़ा होगा।
सड़क की चौड़ाई 3.5 मीटर से बढ़कर 7 मीटर होगी।
आठ किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो गया।
संवाद सूत्र, भदैंया (सुलतानपुर)। हनुमानगंज-शंभूगंज मार्ग अब सात मीटर चौड़ा होगा। मौजूदा समय में यह सड़क साढ़े तीन मीटर चौड़ी है। इसके निर्माण में करीब 10 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। मार्ग का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। निर्माण पूरा होने से लोगों को जहां आवागमन में सुविधा मिलेगी वहीं घटनाएं भी कम होंगी।
हनुमानगंज-शंभूगंज से मुरारपुर के पास फोरलेन को जोडने वाली सड़क अब सात मीटर चौडी होगी। इस सड़क के चौड़ीकरण और निर्माण का कार्य शुरू हो गया है। आठ किमी लंबी यह सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में थी, जिससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
नई परियोजना के तहत सड़क को सात मीटर चौड़ा किया जाएगा। इसकी अनुमानित लागत 10 करोड़ रुपये आंकी गई है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अनुसार, यह कार्य साल के अंत तक पूरा होने की उम्मीद जताई जा रही है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी खराब हो जाती थी, जिससे कई बार आवागमन लगभग ठप हो जाता था।
इन गांवों के लोगों को मिलेगा फायदा
लोदीपुर, गोपालपुर, सिप्तापुर, पूरेबाघराय, भुआपुर और नरायनपुर समेत अन्य गांवों के लोगों को मार्ग बनने से आवागमन में सुविधा मिलेगी। समाजसेवी नित्यानंद मिश्र, राजेश कुमार, राकेश पाण्डेय, विजय बहादुर, प्रधान प्रतिनिधि काशी दूबे और श्याम नारायण दूबे सहित अन्य ग्रामीणों ने सरकार के इस कदम पर खुशी व्यक्त की है।
लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता राकेश कुमार ने बताया कि चौड़ीकरण का कार्य मशीन द्वारा शुरू कर दिया गया है। निर्माण पूरा होने के बाद सड़क की चौड़ाई बढ़ जाएगी, जिससे आवागमन सुरक्षित और सुगम होगा।
