सुलतानपुर: किसान सम्मान निधि दिलाने का झांसा देकर पोते ने लिखवा ली दादी की जमीन, बेचकर हड़पे 7 लाख रुपए
किसान सम्मान निधि के दस्तावेज पर हस्ताक्षर कराने के बहाने पोते ने दादी की जमीन धोखे से अपने नाम करा ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
पोते ने किसान सम्मान निधि के बहाने दादी से रजिस्ट्री कराई।
उसी जमीन को दूसरे व्यक्ति को बेचकर सात लाख रुपये लिए।
कोर्ट के आदेश पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, सुलतानपुर। किसान सम्मान निधि के दस्तावेज पर हस्ताक्षर कराने के नाम पर पोते ने एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर दादी से जमीन की रजिस्ट्री करा ली।
इसी जमीन के बदले पोते ने दूसरे व्यक्ति से सात लाख रुपये भी ले लिए। रुपये देने वाले को इसकी जानकारी हुई तो उसने आरोपित पोते और धोखे से अपने नाम रजिस्ट्री कराने वाले के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
जयसिंहपुर के सपाही निवासी अनुपम ओझा ने बताया कि उन्होंने दुबेपुर निवासी कलावती देवी से साढ़े 16 बिस्वा जमीन का पूर्व में बैनामा कराया था। आरोप है कि अनुपम ने बचे रकबे की जमीन खरीदने के लिए सात लाख रुपये कलावती के पोते शिवनाथ को दे दिए। इसके बाद पोते ने इस जमीन की रजिस्ट्री करा दी।
पीड़ित ने कोर्ट में लगाई गुहार
कुछ दिन बाद अनुपम को पता चला कि शिवनाथ ने उनको रजिस्ट्री करने से पहले उसी जमीन को गांव के ही अरविंद को रजिस्ट्री की थी। अनुपम ने कलावती से पूछा तो उन्होंने रजिस्ट्री की बात से मना किया। कलावती ने कहा कि कुछ दिन पहले पोता उन्हें लेकर कलेक्ट्रेट गया था जहां से सदर तहसील लेकर गया।
तहसील में कर्मचारी उमेश बघेल और अमन वर्मा की मदद से अरविंद कुमार ने अपने नाम रजिस्ट्री करा ली। आरोप है कि शिकायत पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़ित ने कोर्ट में गुहार लगाई।
कोर्ट के आदेश पर नगर कोतवाली में शिवनाथ और अरविंद के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज हुआ है। इंस्पेक्टर सुरेश नारायण मिश्रा ने बताया कि दस्तावेज और बयानों के आधार पर विवेचना की जा रही है। तहसील स्तर से भी जानकारी जुटा रहे हैं।
