पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से सीधे जुड़ेगा सुलतानपुर का बिजेथुआ महावीरन धाम, बनेगी 17 KM लंबी डबल लेन सड़क
सुलतानपुर में बिजेथुआ महावीरन धाम तक पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से 17.2 किलोमीटर लंबी डबल लेन सड़क का निर्माण 69 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
69 करोड़ से बिजेथुआ महावीरन तक 17.2 KM डबल लेन सड़क।
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से मुड़िला-सूरापुर होते हुए सीधी कनेक्टिविटी।
अयोध्या-काशी श्रद्धालुओं को आवागमन में मिलेगी बड़ी सहूलियत।
संवाद सूत्र, सुलतानपुर। बिजेथुआ महावीरन में हनुमान जी का दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी है। लगभग 69 करोड़ रुपए से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से मुड़िला-सूरापुर होते हुए बिजेथुआ महावीरन तक 17.2 किलोमीटर की सड़क डबल लेन हो रही है। इससे आवागमन में सहूलियत होगी साथ ही जाम से मुक्ति मिलेगी।
रोड के सकरा और बदहाल होने के कारण पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से मुड़िला बाजार और सूरापुर होते हुए बिजेथुआ धाम तक पहुंचने में श्रद्धालुओं को घंटे भर से ज्यादा समय लग जाता है।
अयोध्या से सीधे जुड़ जाएगा बिजेथुआ और काशी
इस मार्ग के बन जाने से अयोध्या से बिजेथुआ धाम सीधे जुड़ जाएगा। वहीं बिजेथुआ से काशी विश्वनाथ तक सड़क डबल लेन पहले से ही है। इसका सीधा फायदा अयोध्या से काशी जाने आने वाले श्रद्धालुओं को भी मिलेगा। काशी से आने वाले श्रद्धालुओं को टांटिया नगर की बजाय बिजेथुआ होकर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के रास्ते अयोध्या पहुंचना आसान होगा।
यह भी पढ़ें- अब राशन की दुकानों पर बनेगा आयुष्मान कार्ड, मिलेगा 5 लाख तक के मुफ्त इलाज का सुरक्षा कवच
आवागमन में होगी आसानी
सूरापुर के महेश सिंह, मनोज कुमार, रंजीत, मो.हनीफ का कहना है कि डबल लेन बनने से आवागमन सुगम होगा। वहीं दूर दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह सीधा मार्ग होगा।
बिजेथुआ महावीरन का विकास उनका लक्ष्य है। इसके लिए वह जी जान से लगे हैं। आने वाले समय में बिजेथुआ कॉरिडोर और बिजेथुआ सूरापुर को नगर पंचायत का दर्जा दिलाएंगे।
राजेश गौतम, विधायक
