सुल्तानपुर के 547 आंगनबाड़ी केंद्रों की 'इंडिया ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड' के CSR फंड से बदलेगी तस्वीर
सुल्तानपुर में 547 आंगनबाड़ी केंद्रों का इंडिया ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) के सीएसआर फंड से कायाकल्प होगा। इसका उद्देश्य बच्चों ...और पढ़ें

बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और गर्भवती व धात्री माताओं को आधुनिक सुविधाएं मकसद।
HighLights
547 आंगनबाड़ी केंद्रों का सीएसआर फंड से होगा कायाकल्प।
इंडिया ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) देगा वित्तीय सहयोग।
बच्चों और माताओं को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं, बेहतर शिक्षा।
जागरण संवाददाता, सुलतानपुर। जनपद के 547 आंगनबाड़ी केंद्रों का कारपोरेट सोशल रिस्पान्सिबिलिटी (सीएसआर) फंड की मदद से कायाकल्प होगा। इंडिया आयल कारपोरेशन लिमिटेड (आइओसीएल) की आंगनबाड़ी केंद्रों को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है।
विभाग की तरफ से 547 आंगनबाड़ी केंद्रों के कायाकल्प और वहां आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए इसका प्रस्ताव भेजा गया है। इसके माध्यम से केंद्रों पर बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ ही गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं को भी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
जिला कार्यक्रम अधिकारी शरद कुमार त्रिपाठी की ओर से इंडियन आयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आइओसीएल) के महाप्रबंधक को पत्र भेजकर सीएसआर निधि से सहयोग का अनुरोध किया गया है। पत्र में आंगनबाड़ी केंद्रों की आवश्यकताओं को रेखांकित करते हुए विभिन्न प्रकार की सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
प्रस्ताव के अनुसार केंद्रों पर स्मार्ट टीवी, बच्चों के लिए फर्नीचर, कुर्सियां, मेज, अलमारी, बच्चों के अनुकूल शैक्षणिक सामग्री, खिलौने, खेलकूद के उपकरण, वजन मापने की मशीन, लंबाई मापने के उपकरण तथा प्राथमिक स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से संबंधित आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने की अपेक्षा की गई है।
इस पहल का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों को केवल पोषण वितरण तक सीमित न रखते हुए उन्हें बच्चों के सर्वांगीण विकास और प्रारंभिक शिक्षा के बेहतर केंद्र के रूप में विकसित करना है। आधुनिक सुविधाएं मिलने से बच्चों की पढ़ाई, खेलकूद और पोषण संबंधी गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- योगी सरकार के मानदेय बढ़ाने के फैसले से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की दीवाली बनी खुशियों वाली
जिला कार्यक्रम अधिकारी की ओर से भेजे गए प्रस्ताव में कहा गया है कि सीएसआर निधि से के माध्यम से मिलने वाला सहयोग आंगनबाड़ी केंद्रों की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। अब इस प्रस्ताव पर संबंधित संस्था की स्वीकृति और सहयोग का इंतजार है। 547 आंगनबाड़ी केंद्रों को सुविधा संपन्न बनाने की यह पहल धरातल पर उतरती है तो जिले में बाल विकास एवं पोषण सेवाओं को नई मजबूती मिल सकती है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी शरद कुमार त्रिपाठी ने बताया कि आइओसीएल के अधिकारियों से बात हुई है। उन्होंने 547 केंद्रों के सुदृढ़ीकरण के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही है। हमारी तरफ से उनको प्रस्ताव भेज दिया गया है। सीएसआइआर निधि की मदद से ये केंद्र जल्द ही अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।