लम्भुआ ब्लॉक प्रमुख के लिए तीन प्रत्याशी मैदान में
संवादसूत्र, लम्भुआ (सुलतानपुर) : स्थानीय क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष पद का चुनाव अब और कठिन होता जा रह
संवादसूत्र, लम्भुआ (सुलतानपुर) : स्थानीय क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष पद का चुनाव अब और कठिन होता जा रहा है। सत्तारूढ़ दल की समझौते की कवायद'फेल'होती दिख रही है। बुधवार को बिके चार में से तीन पर्चे गुरुवार को दाखिल किए गए हैं। अपरान्ह बाद जांच में सभी पर्चे वैध पाए गए।
गुरुवार को सुबह ही स्थानीय विकास खंड परिसर में पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम के बीच नामांकन शुरू हुआ। सबसे पहले भाजपा समर्थित बीडीसी सुनीता चौरसिया ने पर्चा दाखिल किया। इस मौके पर पार्टी के प्रदेश कार्य समिति सदस्य शिवाकांत मिश्र, जगदीश चौरसिया व संजीव पांडेय आदि मौजूद रहे। इसके बाद वार्ड संख्या 39 से बीडीसी धर्मा देवी ने पर्चा दाखिल किया। सबसे अंत में समाजवादी पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष सत्यपाल यादव की पत्नी व वार्ड संख्या 87 से बीडीसी कविता यादव ने पर्चा दाखिल किया। इस दौरान एसडीएम डॉ.रमेश कुमार शुक्ल, सीओ दलवीर ¨सह भारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। उधर, सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार की देर रात तक धर्मा देवी व सुनीता चौरसिया के परिवारीजनों में सुलह समझौते की कोशिशें की गईं। पता चला है कि दोनों प्रत्याशियों के बीच मतदान भी कराया गया था। इसमें भी धर्मा देवी की स्थिति खासी मजबूत बतायी गयी थी। पर, बाद में भाजपा समर्थित प्रत्याशी के रूप में सुनीता चौरसिया का नाम फाइनल कर दिया गया। लिहाजा, गुरुवार को तीनों प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया। शुक्रवार को अपरान्ह तीन बजे तक पर्चा वापसी भी होगी। उसके बाद ही चुनाव की तस्वीर साफ होगी। शनिवार को मतदान की तिथि तय की गई है।