सपा ने सुलतानपुर सीट से बदला प्रत्याशी, भीम निषाद का टिकट काट अब रामभुआल निषाद पर लगाया दांव; जानें क्यों हुआ ये उलटफेर
समाजवादी पार्टी ने रविवार को लोकसभा प्रत्याशियों की एक और लिस्ट जारी कर दिया है। सपा ने उत्तर प्रदेश में सात और सीटों पर प्रत्याशियों के नाम का एलान किया है। लेकिन पार्टी ने देर शाम एक और सूची जारी कर दो सीटों पर उलटफेर कर प्रत्याशियों को बदल दिया है। सपा ने भीम निषाद का टिकट काट रामभुआल निषाद को सुलतानपुर लोकसभा सीट से नया उम्मीदवार घोषित किया है।
जागरण संवाददाता, सुलतानपुर। समाजवादी पार्टी ने भीम निषाद का टिकट काट राम भुआल निषाद को सुलतानपुर लोकसभा सीट से नया उम्मीदवार घोषित किया है। लगातार कई दिनों से इसकी अटकलें लगाई जा रही थीं।
अंबेडकरनगर के निवासी भीम को प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद पार्टी में बगावत के स्वर मुखर हो गए थे। जिलाध्यक्ष रघुवीर यादव के साथ तीन पूर्व विधायकों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलकर उम्मीदवार बदले जाने की मांग की थी। इस पर उन्होंने आश्वासन भी दिया था।
वहीं, गत दिनों पार्टी विधायक को नोटों की गड्डी थमाते भीम निषाद का एक वीडियो भी इंटरनेट मीडिया में प्रसारित हुआ था। इस मामले में एफआइआर भी दर्ज हुई है। रविवार की देर शाम पार्टी की ओर से जारी सूची में रामभुआल निषाद को प्रत्याशी घोषित किया गया है।
पार्टी के जिला अध्यक्ष रघुवीर यादव ने बताया कि राम भुआल निषाद देवरिया के रहने वाले हैं। पिछला चुनाव उन्होंने गोरखपुर सीट से लड़ा था।