विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा: लुधियाना से आजमगढ़ जा रही बस पलटी, 57 यात्री घायल

Published: Tue, 28 Apr 2026 10:48 AM (IST)

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह लुधियाना से आजमगढ़ जा रही एक ओवरलोड बस पलट गई, जिससे 57 यात्री घायल हो गए।

HighLights

  1. पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बस पलटने से 57 घायल।

  2. ओवरलोड बस को खलासी चला रहा था, संतुलन बिगड़ा।

  3. गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

जागरण संवाददाता, सुलतानपुर। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर धनपतगंज के पूरे चतुरी का पुरवा के निकट मंगलवार की सुबह सड़क दुर्घटना में 57 यात्री घायल हो गए। अधिकांश घायलों को मामूली चोटें आईं।

वहीं, गंभीर रूप से घायल यात्रियों को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। दुर्घटना उस समय हुई, जब बस लुधियाना से 100 से अधिक यात्रियों को लेकर आजमगढ़ जा रही थी।

ओवरलोड होने के कारण तेज रफ्तार बस संतुलन खोकर डिवाइडर से जा टकराई और इसके बाद सड़क पर पलट गई। यात्रियों के अनुसार बस खलासी चला रहा था। घायल यात्रियों में सुलतानपुर, आजमगढ़, जौनपुर व अंबेडकरनगर के यात्री शामिल हैं।

जौनपुर निवासी यात्री कैलाश ने बताया कि लंबी यात्रा के कारण अधिकांश यात्री थकान और नींद में थे। अचानक बस लहराई और कुछ समझ पाते इससे पहले ही पलट गई। हादसे में यात्रियों का सामान सड़क पर बिखर गया। इसी बीच चालक और खलासी मौके से फरार हो गए।

WhatsApp Image 2026-04-28 at 10.42.32 AM

कुछ यात्रियों ने आरोप लगाया कि बस खलासी द्वारा चलाई जा रही थी और वाहन ओवरलोड था। पुलिस क्षेत्राधिकारी आशुतोष ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बस के ओवरलोड होने और चालक को नींद आने की बात सामने आई है।

एसडीएम प्रवीण कुमार (बल्दीराय) के अनुसार घायलों को हर संभव मदद उपलब्ध कराई जा रही है। इसी बीच चालक और खलासी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है। अन्य यात्रियों को रोडवेज बस से उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया।

गंभीर रूप से घायल (रेफर)

आजमगढ़ के फूलपुर की सानिया, महुली रसूलपुर अतरौला के मिट्ठू, रसूलपुर की मनीषा, निर्मला व रजनीश तथा जौनपुर के बीवीगंज रामपुर की शीला देवी को गंभीर हालत में धनपतगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से मेडिकल कालेज अस्पताल रेफर किया गया है। यूपीडा टीम ने क्रेन की मदद से बस को हटवाकर यातायात बहाल कराया। प्रशासन द्वारा मामले की जांच जारी है।

WhatsApp Image 2026-04-28 at 10.42.31 AM

यात्री सुनील कुमार ने बताया कि गाड़ी शुरू से ओवरलोड थी। चलते समय ही एक बार टायर पंचर हो गया था। गाड़ी 108 पर पहुंची और लहरा कर पलट गई। उनकी मां गंभीर रूप से घायल है।

दयाराम ने बताया कि गाड़ी खलासी चल रहा था जैसे वह कुछ दूर पर आया गाड़ी दो तरफ घूमी और पलट गई। खुशी और शिल्पा ने बताया कि अभी भी दिमाग में बस पलटने का दृश्य कौंध रहा है। हादसे में यात्रियों का सामान सड़क पर बिखर गया।

यह भी पढ़ें- बहराइच में ट्रक-डीसीएम की भीषण भिड़ंत, आग लगने से दो चालकों की जलकर मौत

मामूली रूप से घायल

शकुन्तला निवासी जौनपुर, अमित निवासी अखंडनगर सुलतानपुर, संदीप निवासी आजमगढ़, कैलाश निवासी जौनपुर, हरिओम निवासी आजमगढ़, पवन राजभर निवासी फूलपुर, सुनील कुमार निवासी कादीपुर सुलतानपुर, लालबहादुर निवासी जैतापुर, मोनू राजभर निवासी आजमगढ़, कमलेश यादव निवासी आजमगढ़, हनुमान निवासी अम्बेडकरनगर, राम चंद्र निवासी आजमगढ़, ओम पाल निवासी आजमगढ़, सक्षम निवासी आजमगढ़, धर्मेंद्र मौर्य निवासी आजमगढ़, सोहन निवासी अम्बेडकरनगर, शिल्पा निवासी आजमगढ़, राम सूरत निवासी आजमगढ़, अजय निवासी आजमगढ़, प्रभुनाथ निवासी आजमगढ़, सुनील कुमार निवासी कादीपुर, शकुन्तला निवासी जौनपुर, मायाशंकर निवासी जौनपुर, शिवम निवासी अम्बेडकरनगर, राधेश्याम निवासी मीरपुर।