पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से डीसीएम चालक की मौत, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक अज्ञात वाहन की टक्कर से डीसीएम चालक धर्मेंद्र की मौत हो गई। लखनऊ से आजमगढ़ जा ...और पढ़ें
HighLights
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर अज्ञात वाहन ने डीसीएम को टक्कर मारी।
हादसे में डीसीएम चालक धर्मेंद्र की इलाज के दौरान मौत।
पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही।
जागरण संवाददाता, सुलतानपुर। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर मंगलवार रात सड़क हादसे में डीसीएम चालक की मौत हो गई। लखनऊ से आजमगढ़ की ओर जा रहे डीसीएम वाहन के अगले हिस्से में अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पर पहुंची यूपीडा की पेट्रोलिंग टीम ने उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दोस्तपुर पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, टक्कर मारकर फरार हुए अज्ञात वाहन की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, मैनपुरी जिले के कुरावली थाना क्षेत्र के मुबारिकपुर गांव निवासी धर्मेंद्र (45) पुत्र होरीलाल डीसीएम लेकर लखनऊ से आजमगढ़ जा रहे थे।
मंगलवार रात उनका वाहन जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के सेमरी चौकी अंतर्गत दरपीपुर गांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 143वें किलोमीटर पर पहुंचा था। इसी दौरान डीसीएम के अगले हिस्से में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चालक धर्मेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना पर यूपीडा की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और घायल चालक को सीएचसी दोस्तपुर में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। यूपीडा कर्मियों ने घटना की जानकारी सेमरी चौकी प्रभारी प्रेम नारायण राजपूत को दी। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना देने के बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सेमरी चौकी प्रभारी प्रेम नारायण राजपूत ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- 6 गेंदों पर 6 छक्के मारने की खुशी मातम में बदली... पूर्वांचल एक्सप्रेसवे हादसे ने छीने देवरिया के 4 चमकते सितारे
