धूप बेअसर, कांपते रहे लोग
ष्श्रद्यस्त्र 2द्गड्डह्लद्धद्गह्म ष्श्रद्यस्त्र 2द्गड्डह्लद्धद्गह्म ष्श्रद्यस्त्र 2द्गड्डह्लद्धद्गह्म ष्श्रद्यस्त्र 2द्गड्डह्लद्धद्गह्म
सुलतानपुर : पर्वतीय क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी का असर जिले में नहीं दिख रहा है। मौसम बेहद सर्द है। दिन भर खिली धूप के बावजूद लोगों को सर्दी से निजात नहीं मिल रही है। गलन से लोग कांप रहे हैं। शाम को सूरज ढलते ही ठंड में इजाफा हो जाता है। मौसम की इस बेरुखी के चलते सार्वजनिक स्थलों, बाजारों व चौराहों पर दिन ढलते ही सन्नाटे जैसा माहौल हो जाता है। बीते एक पखवारे से तापमान पांच से सात डिग्री सेल्सियस के इर्दगिर्द टिका है। आने वाले दिनों में सर्द हवाएं चलने व हल्के बादल छाए रहने के आसार हैं। लिहाजा अभी कुछ दिनों तक लोगों को जाड़े से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
कड़ाके की ठंड से आम जनजीवन बेहाल है। दिन में धूप ठंड से परेशान लोगों को हल्की राहत देती है, लेकिन चलने वाली सर्द हवाएं धूप को बेअसर कर रही हैं। ठंड से बचाव के लिए लोगों ने गर्म कपड़ों का सहारा लिया है जो मौसम के आगे नाकाफी साबित हो रहा है। इक्का-दुक्का स्थानों को छोड़ दिया जाय तो प्रशासन के अलाव कहीं नजर नहीं आ रहे हैं। आचार्य नरेंद्रदेव कृषि विश्वविद्यालय मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री कम था। अधिकतम सापेक्षित आर्द्रता 94 व न्यूनतम 47 प्रतिशत रही। हवाएं 2.4 प्रति किमी घंटा की रफ्तार से पश्चिमी-दक्षिणी दिशा में चली। अनुमान है कि आगामी 24 घंटे में पछुआ हवाएं चलती रहेंगी और तापमान गिरने की संभावना है।