क्वारंटाइन का अनुपालन नहीं करने वालों पर होगी कार्रवाई
सुलतानपुर कोरोना संक्रमण के चलते शारीरिक दूरी बनाने के निर्देश का प्रवासियों द्वारा उल्लं
सुलतानपुर: कोरोना संक्रमण के चलते शारीरिक दूरी बनाने के निर्देश का प्रवासियों द्वारा उल्लंघन करने पर सख्त रुख अख्तियार किया गया है। क्वारंटाइन किए गए अधिकांश लोग घरों में रहने की बजाय घूम रहे हैं। इससे संक्रमण की आशंका बढ़ गई है। ऐसे में प्रशासन की देखरेख में स्वास्थ्य टीमों का गठन कर प्रवासियों की अचानक चेकिग की जा रहीं है।
प्रवासियों की स्वास्थ्य जांचकर 21 दिन के लिए होम क्वारंटाइन किया जाता है। उनके खान-पान की व्यवस्था के तहत राशन किट भी दिए जाते हैं। बावजूद इसके प्रवासियों द्वारा शारीरिक दूरी का अनुपालन नहीं किया जा रहा है। आशा बहुओं व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की निगरानी में अक्सर घर से गायब पाए जाते हैं। फील्ड में काम करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों के रिपोर्ट पर प्रशासन ने प्रवासियों पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। दूबेपुर सीएचसी प्रभारी डॉ एपी त्रिपाठी ने बताया की प्रवासियों पर नजर रखने के लिए स्वास्थ्य टीमें काम कर रही हैं। लापरवाही पाए जाने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
पोस्टर फाड़ने पर होगी कार्रवाई
कई जगहों पर प्रवासियों के घर पर लगाए गए क्वारंटाइन पोस्टर को फाड़ने की भी शिकायतें सामने आई हैं। प्रशासन ने पोस्टर फाड़ने वालों पर विधिक कार्रवाई किए जाने का निर्देश दिया है। ग्राम सचिवों को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है।