युवक को मारी गोली, जख्मी
सुल्तानपुर : शहर का घरहांखुर्द इलाका शुक्रवार की शाम गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। रंजिशन हुई फायर
सुल्तानपुर : शहर का घरहांखुर्द इलाका शुक्रवार की शाम गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। रंजिशन हुई फायरिंग में एक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इलाके में दहशत फैल गई। वारदात के करीब आधे घंटे बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जख्मी युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहीं पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक घटना की वजह पुरानी रंजिश है। मामले की छानबीन की जा रही है।
नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत घरहांखुर्द गांव निवासी मुनव्वर (28) शुक्रवार की शाम करीब साढ़े चार बजे घर से शहर की ओर निकला था। बताया जाता है कि अभी वह चंद कदम दूर ही पहुंचा था कि करीब आधा दर्जन हथियारों से लैस लोगों ने उस पर ताबड़तोड़ तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी। मुनव्वर जान बचाकर भागा। गोली उसके हाथ व हथेलियों पर लगी। उधर, ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। लोगों ने अपने घरों के दरवाजे बंद कर लिए। लहुलूहान मुनव्वर जमीन पर गिर पड़ा। जब कुछ लोगों ने घरों की छतों पर निकलकर हमलावरों को ललकारा तो वे तमंचा लहराते हुए भाग गए। क्षेत्रवासियों की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। जख्मी युवक को आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर युवक की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। उधर, इलाके को घेरकर पुलिस ने हमलावरों की तलाश शुरू की, लेकिन नतीजा सिफर रहा। शहर कोतवाल वीपी सिंह ने बताया कि जख्मी युवक की तहरीर पर घरहां निवासी लंबरदार व मोहम्मद कलीम के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वारदात पुरानी रंजिश का नतीजा प्रतीत होती है। चंद रोज पहले भी दोनों पक्षों में मारपीट होने की बात सामने आई थी। फिलहाल विवेचना की जा रही है।