सोनभद्र में हाईवोल्टेज लाइन की चपेट में आने से मजदूर की दर्दनाक मौत
सोनभद्र के जुगैल में मुख्यमंत्री आवास पर काम करते समय एक मजदूर की 11 हजार वोल्टेज लाइन की चपेट में ...और पढ़ें

सोनभद्र में हाईवोल्टेज लाइन से मजदूर की मौत बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप।
HighLights
जुगैल में 11 हजार वोल्टेज लाइन से मजदूर की मौत।
मुख्यमंत्री आवास निर्माण के दौरान हुआ यह हादसा।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया।
जागरण संवाददाता जुगैल (सोनभद्र)। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत चतरवार टोला अमकोई में शुक्रवार सुबह मजदूरी करने के दौरान 11 हजार वोल्टेज लाइन के संपर्क में आने से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई।बताया गया कि विधवा महिला संजू देवी का मुख्यमंत्री आवास आवंटित हुआ था।
मकान की ढलाई का काम हो गया था और सेंट्रिंग भी हो चुकी थी। शुक्रवार को छत पड़ने के लिए सरिया कटिंग कर बिछाया जा रहा था। इस दौरान कुल 11 मजदूर लगे थे। सरिया को उठाकर एक तरफ करने के दौरान घर के ऊपर से गुजरे 11 हजार वोल्टेज के तार के संपर्क में आने से मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना देखकर अन्य मजदूरों ने ऑटो से उसे चोपन अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। फिर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। अस्पताल पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक बुधिराम पुत्र संता उम्र 35 वर्ष निवासी अमकोई है। बताया गया कि एक 15 वर्षीय बेटा सरोज है।
परिवार पर मानो हादसे की वजह से आफत आ गई। बुधिराम मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता था। घटना से मौजूद ग्रामीणों ने बिजली विभाग की भारी लापरवाही का आरोप लगाया। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में हाईवोल्टेज लाइन गई है, लेकिन कहीं भी सुरक्षा गार्ड नहीं लगाया गया है। अगर सुरक्षा गार्ड लगा रहता तो आज यह घटना नहीं होती।