विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एआइ तकनीक से बचपन की फोटो के सहारे सोनभद्र से लापता महिला को राजस्थान में बरामद करने में म‍िली मदद

By Prashant Kumar Shukla Edited By: Abhishek sharma
Published: Fri, 20 Nov 2026 07:13 PM (IST)

सोनभद्र से पांच साल पहले लापता हुई मंजू खरवार को राजस्थान से बरामद किया गया है। सिपाही विजय पांडेय ने AI तकनीक का उपयोग कर बचपन की फोटो से वर्तमान तस्वीर बनाई, जिससे उसकी पहचान संभव हो पाई और उन्हें सम्मानित भी किया गया।

AI तकनीक से सोनभद्र की लापता महिला राजस्थान में बरामद।

AI तकनीक से सोनभद्र की लापता महिला राजस्थान में बरामद।

HighLights

  1. AI तकनीक से बचपन की फोटो से वर्तमान तस्वीर बनाई गई।

  2. सोनभद्र की लापता मंजू खरवार राजस्थान से बरामद हुई।

  3. सिपाही विजय पांडेय को पुलिस महानिदेशक ने सम्मानित किया।

जागरण संवाददाता, सोनभद्र। बभनी थाना क्षेत्र के जौराही गांव से लापता महिला 30 वर्षीय मंजू खरवार को राजस्थान के जनपद चूरू के थाना हमीरवास क्षेत्र के ग्राम गोविन्द सिंह का बास से बरामद कर लिया। थाना में तैनात सिपाही विजय पांडेय ने मंजू की बचपन की फोटो से एआइ तकनीकी से वर्तमान समय की फोटो तैयार की।

उसके स्वजन से उसकी पहचान कराई और फिर विवेचना व अन्य जानकारी के आधार पर उसकी बरामदगी की। इस सफलता पर पुलिस महानिदेशक ने विजय पांडेय को पांच हजार और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने प्रशस्ति पत्र व 21 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया है। जौराही गांव निवासी किस्मत देवी ने 14 जुलाई को बभनी थाना में मुकदमा दर्ज कराया कि उसकी 30 वर्षीय पुत्री मंजू देवी खरवार गुम हो गई है।

गांव की ही मंजू देवी गोंड़ नामक महिला उसकी पुत्री को शादी कराने की बात कहकर वाराणसी ले गई थी। उसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पा रहा था। पुत्री करीब पांच वर्ष पूर्व लापता हुई थी। इस पर पुलिस ने परिजनों व ससुराल पक्ष से उसकी फोटो प्राप्त करने का प्रयास किया, लेकिन कोई फोटो उपलब्ध नहीं हो सकी। विवेचना के दौरान संबंधित विद्यालय में जानकारी करने पर छात्रवृत्ति फार्म में वर्ष 2007 में कक्षा चार में अध्ययन के समय की फोटो गुमशुदा महिला मिली।

इस फोटो के आधार पर वर्तमान उम्र करीब 30 वर्ष में महिला की पहचान करना चुनौतीपूर्ण था। बभनी थाना पर नियुक्त आरक्षी विजय पाण्डेय ने गुमशुदा महिला की बचपन की फोटो व उसके माता-पिता, बहन की फोटो का उपयोग करते हुए एआइ तकनीकी की सहायता से महिला की वर्तमान उम्र के अनुरूप संभावित तस्वीर तैयार की गई।

इस तस्वीर को परिजनों को दिखाया, जिसकी पहचान स्वजन ने पुत्री मंजू देवी के रूप में की। इस आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लापता मंजू को राजस्थान से बरामद किया। जानकारी करने पर ज्ञात हुआ कि महिला वहां अपने पति उमेंद्र के साथ विवाहित जीवन व्यतीत कर रही है और उसके दो बच्चे भी हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।