महिला ने दी जान, मुकदमा दर्ज
ग्राम सभा पिडारी में एक नवविवाहिता ने पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पत्नी के मौत से क्षुब्ध पति ने भी कीटनाशक पदार्थ का सेवन कर लिया।
जासं, बीजपुर (सोनभद्र) : थाना क्षेत्र के पिडारी ग्राम पंचायत के टोला टेकुआ निवासी भैयाचन्द की 24 वर्षीय विनोद देवी ने घरेलू कहासुनी के बाद रविवार की शाम को जान दे दी। पुलिस के मुताबिक पति भैयाचंद ने भी कीटनाशक का सेवन किया। पुलिस उसे चिकित्सालय ले गई। वहीं पुलिस ने महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद सोमवार को मृतका के पिता ने बीजपुर थाने में पुत्री की हत्या का आरोप लगाते हुए दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया। पिता रामदुलारे निवासी पीपरहर थाना बभनी ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए उनकी पुत्री को प्रताड़ित कर रहे थे। दहेज नहीं दिए जाने पर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने ससुर, पति व जेठ के खिलाफ दहेज उत्पीड़न एवं हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।