विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोहरे में सुरक्षित सफर के लिए यूपी रोडवेज का नया प्लान, सोनभद्र में लंबी दूरी के लिए चलेंगी 44 नई बसें

Published: Sat, 28 Nov 2026 07:14 PM (IST)

सोनभद्र डिपो ने कोहरे में सुरक्षित यात्रा के लिए नई योजना बनाई है, जिसके तहत लंबी दूरी के मार्गों पर 44 नई बसें चलाई जाएंगी। पुरानी बसों को कम दूरी वाले स्थानीय मार्गों पर संचालित किया जाएगा।

सोनभद्र डिपाे परिसर में खड़ी परिवहन निगम की बस। फोटो जागरण

सोनभद्र डिपाे परिसर में खड़ी परिवहन निगम की बस। फोटो जागरण

HighLights

  1. लंबी दूरी के लिए 44 नई बसें होंगी संचालित।

  2. पुरानी बसें कम दूरी के मार्गों पर चलेंगी।

  3. बसों के रखरखाव और शीशे की मरम्मत पर जोर।

जागरण संवाददाता, सोनभद्र। सर्दी के साथ कोहरे का असर बढ़ने से सड़क पर सफर की चुनौतियां भी बढ़ने लगी हैं। इसे देखते हुए रोडवेज ने बसों के संचालन का नया सुरक्षा खाका तैयार किया है। अब लंबी दूरी की यात्राओं के लिए डिपो से नई बसें ही रवाना होंगी, जबकि पुरानी बसों को कम दूरी वाले मार्गों पर लगाया जाएगा।

मकसद साफ है कि कोहरे के दौरान यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता न हो और तकनीकी रूप से बेहतर बसें ही लंबी दूरी तय करें। सोनभद्र डिपो के बेड़े में कुल 80 बसें हैं। इनमें 44 नई बसें शामिल हैं। इन्हें वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर सहित अन्य लंबी दूरी के मार्गों पर प्राथमिकता से संचालित किया जाएगा।

वहीं पुरानी बसों को राबर्ट्सगंज से दुद्धी, घोरावल, ओबरा और अनपरा सहित आसपास के स्थानीय मार्गों पर भेजा जाएगा। वाराणसी, मीरजापुर और चंदौली के कम दूरी वाले मार्गों पर भी इनका संचालन होगा।

बसों के मिले शीशे टूटे तो तय होगी जिम्मेदारी

डिपो प्रशासन ने बसों के रखरखाव पर भी सख्ती दिखाई है। निर्देश जारी किए गए हैं कि किसी भी बस में शीशा टूटा पाया गया तो संबंधित जिम्मेदार की जिम्मेदारी तय की जाएगी। कोहरे की स्थिति में टूटा शीशा दृश्यता को और कम कर देता है, जिससे दुर्घटना की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। इसलिए फोरमैन को नियमित निरीक्षण करने और बसों की समय से मरम्मत सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।

सोनभद्र डिपो में इस समय 80 बसें है जिसमें से 44 नई बसें लंबी दूरी के लिए संचालित की जा रही है। ठंड के मौसम में लंबी दूरी की यात्रा के लिए इन्ही बसों का संचालन किया जाएगा, पुरानी बसें कम दूरी की यात्रा में शामिल होंगी। -नागेंद्र पांडेय, एआरएम सोनभद्र डिपो।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।