विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तर प्रदेश बोर्ड परीक्षा से पहले शिक्षकों का ब्योरा होगा ऑनलाइन, 15 नवंबर तक अंतिम मौका

Published: Mon, 02 Nov 2026 02:48 PM (IST)

यूपी बोर्ड 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं के लिए शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का पूरा ब्योरा 15 नवंबर तक ऑनलाइन अपडेट करना अनिवार्य है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. शिक्षकों का ब्योरा 15 नवंबर तक पोर्टल पर अपलोड करें।

  2. परीक्षकों की नियुक्ति हेतु कंप्यूटरीकृत पहचान पत्र बनेंगे।

  3. सोनभद्र में 2027 बोर्ड परीक्षा के 66 केंद्र निर्धारित।

जागरण संवाददाता, सोनभद्र। यूपी बोर्ड की वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा की तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रयोगात्मक परीक्षा, मूल्यांकन और कक्ष निरीक्षण सहित विभिन्न जिम्मेदारियों के लिए शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का पूरा ब्योरा अब माध्यमिक शिक्षा परिषद के पोर्टल पर अपलोड और अपडेट करना होगा। इसके लिए परिषद ने 15 नवंबर तक की समयसीमा निर्धारित की है।

प्रदेश के सभी माध्यमिक विद्यालयों को इस अवधि में शत-प्रतिशत डेटा अपडेट करने का निर्देश दिया गया है। माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव भगवती सिंह ने निर्देश दिया है कि वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षा के लिए परीक्षकों की नियुक्ति और अन्य परीक्षा संबंधी दायित्वों के निर्वहन के लिए शिक्षकों के कंप्यूटरीकृत पहचान पत्र तैयार किए जाएंगे।

इसके लिए प्रधानाचार्य, शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का विवरण पोर्टल पर दर्ज करना अनिवार्य है। शिक्षकों का नाम, पदनाम, जन्मतिथि, नियुक्ति तिथि, अध्यापन विषय और मोबाइल नंबर सही-सही दर्ज करना होगा। साथ ही स्नातक और परास्नातक के विषयों का स्पष्ट विवरण तथा शैक्षिक प्रमाणपत्र भी अपलोड करने होंगे। जिस कक्षा के लिए शिक्षक की नियुक्ति हुई है, उसी के अनुरूप विषय कोड दर्ज करना होगा।

सचिव ने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिया है कि वे जनपद के सभी माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को समय सीमा के भीतर कार्रवाई पूरी कराने के लिए निर्देशित करें। अपलोड किए गए विवरण का परीक्षण और सत्यापन भी करें, ताकि बोर्ड परीक्षा से संबंधित जिम्मेदारियां सौंपने में किसी तरह की त्रुटि न हो।

पोर्टल से हटेगा दिवंगत या विद्यालय छोड़ चुके शिक्षकों का नाम

विद्यालय छोड़ चुके अथवा दिवंगत शिक्षकों और कर्मचारियों का नाम पोर्टल से हटाना होगा। जबकि नवनियुक्त कार्मिकों का विवरण दर्ज करना अनिवार्य होगा। किसी शिक्षक का नाम एक से अधिक विद्यालयों में दर्ज नहीं होना चाहिए। ऐसे शिक्षकों का दोहरा विवरण हटाकर एक ही विद्यालय में पंजीकरण सुनिश्चित करना होगा। परिषद की ओर से डिबार घोषित शिक्षकों और प्रधानाचार्यों को भी पोर्टल पर संबंधित श्रेणी में चिह्नित करना होगा।

परीक्षा के लिए सोनांचल में 66 केंद्र निर्धारित

वर्ष 2027 की यूपी बोर्ड की परीक्षा के लिए जनपद में फिलहाल कंप्यूटर सिस्टम से आनलाइन 66 परीक्षा केंद्र निर्धारित किये गए हैं। संबंधित प्रधानाचार्यों को इन केंद्रों को लेकर आपूत्ति करने का मौका दिया गया है। निर्धारित समयावधि के बाद परीक्षा होगा और फिर परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।

बता दें कि पिछले वर्ष जनपद में 80 परीक्षा केंद बनाए गए थे। इस पर यह संख्या घटकर 66 हो गई है, जबकि पिछले वर्ष की तुुलना में इस वर्ष परीक्षार्थियों की संख्या करीब ढाई हजार बढ़ी है।

यूपी बोर्ड परीक्षा के मद्देनजर सभी माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का ब्योरा आनालाइन होगा। माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव का निर्देश मिलने के बाद इस पर कार्रवाई की जा रही है। -जयराम सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।