कुल्हाड़ी से मारकर चाचा की हत्या
झारखंड से सटे विढमगंज थाना क्षेत्र के बोधाडीह गांव में गुरुवार की सुबह करीब दस बजे खेत में बैल से चराने को लेकर दो भाइयों में विवाद हो गया। देखते ही देखते मारपीट हुई और भतीजे ने चाचा को कुल्हाड़ी से मारकर मौत की नींद सुला दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित पिता-पुत्र सभी फरार हो गए।
जासं, महुली (सोनभद्र): झारखंड राज्य से सटे विढमगंज थाना क्षेत्र के बोधाडीह गांव में गुरुवार की सुबह करीब दस बजे खेत में बैल चराने को लेकर दो भाइयों में विवाद हो गया। देखते ही देखते मारपीट हुई और भतीजे ने चाचा को कुल्हाड़ी से मारकर मौत की नींद सुला दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित पिता-पुत्र सभी फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से कुल्हाड़ी बरामद किया और आरोपितों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक बोधाडीह गांव निवासी रामधनी के घर से उनके भाई रामखेलावन (55) के घर की दूरी करीब आधा किमी है। सुबह के समय रामधनी अपने घर के पास खेत की जोताई कर रहे थे। इसी दौरान रामखेलावन अपने बैलों को लेकर पहुंचे। रास्ते से गुजरते समय एक बैल रामधनी के खेत में चला गया। इसी बात को लेकर दोनों भाइयों में विवाद हो गया। इस दौरान रामधनी का पुत्र मौके पर पहुंचा और अपने चाचा रामखेलावन के सिर व गर्दन पर कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित पिता व पुत्र फरार हो गया। उधर, मृतक के परिजनों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना स्थल से खून लगी कुल्हाड़ी भी बरामद की गई। थाना प्रभारी प्रदीप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश की जा रही है। वन भूमि जोतने को लेकर विवाद
मिली जानकारी के मुताबिक, जिस भूमि पर बैल के चरने को लेकर रामखेलावन की हत्या हुई है, वह भूमि वन विभाग की बतायी जाती है। घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों की मानें तो वन भूमि कब्जा करने को लेकर दोनों भाइयों में विवाद था। काफी पहले से इसको लेकर कहासुनी भी हो रही थी। मृतक के पुत्र कामेश्वर ने बताया कि भूमि को जोतने को लेकर ही विवाद था। एक दिन पहले भी आरोपितों ने हत्या करने की धमकी दी थी।