चेयरमैन हत्याकांड के दो और आरोपित गिरफ्तार!
रेणुकूट के चेयरमैन शिव प्रताप सिंह उर्फ बबलू सिंह की 30 सितंबर को हुई हत्या के मामले में दो और आरोपितों को बिहार के बिक्रमगंज में गिरफ्तार किए जाने का मामला प्रकाश में आया है।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र : रेणुकूट के चेयरमैन शिव प्रताप सिंह उर्फ बबलू सिंह की 30 सितंबर को हुई हत्या के मामले में दो और आरोपितों को बिहार के विक्रमगंज में गिरफ्तार किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। दोनों पर 25-25 हजार रुपये इनाम घोषित था। इसके पहले एक आरोपित को चंदौली पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इस तरह से अब एकमात्र शूटर गिरफ्तार किया जाना बाकी है। पुलिस दावा कर रही है कि जल्द ही वह भी पकड़ लिया जाएगा। विक्रमगंज में पकड़े जाने की सूचना की पुष्टि के लिए जिले से एक पुलिस टीम बिहार गई है।
चेयरमैन शिव प्रताप सिंह 30 सितंबर को रेणुकूट स्थित अपने आवास हनुमान कटरा के एक कक्ष में बैठे थे तभी रात करीब दस बजे आए शूटरों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने जब जांच की तो पता चला कि हत्या में पूर्व चेयरमैन अनिल सिंह के साथ कुछ अन्य लोगों का हाथ है। पुलिस ने घटना के कुछ ही दिन के बाद अनिल सिंह, उनके भाई बृजेश सिंह, राकेश सिंह, एक अन्य आरोपित जमुना सिंह को गिरफ्तार कर लिया। कई स्थानों पर मिले सीसीटीवी फुटेज आदि से शूटरों की पहचान की गई। पहचान के बाद एसपी ने चार शूटरों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया। गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही थी। तभी शनिवार को चंदौली पुलिस ने पीडीडीयू नगर जंक्शन से गांधी यादव को गिरफ्तार कर लिया। वहां उससे पूछताछ की गई तो शूटरों के बारे में कई अहम जानकारी भी मिली। पुलिस विभाग के सूत्रों की मानें तो गांधी के दो अन्य साथी जो हत्या में शामिल थे सुधांशु सिंह व रवि सिंह को बिहार के विक्रमगंज में पकड़ा गया है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चौधरी ने बताया कि शूटरों के पकड़े जाने की सूचना मिली है। जिले की एक टीम वहां गई है। कहा कि इनाम घोषित है। सभी जल्द पकड़े जाएंगे।