विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनभद्र के रेणुका नदी में अचानक पानी बढ़ने से टापू पर फंसे एमएससी के तीन छात्र

By mukesh srivastava Edited By: Abhishek sharma
Published: Mon, 02 Nov 2026 06:11 PM (IST)

सोनभद्र की रेणुका नदी में अचानक जलस्तर बढ़ने से ओबरा पीजी कॉलेज के तीन एमएससी छात्र टापू पर फंस गए। ...और पढ़ें

सोनभद्र की रेणुका नदी में फंसे तीन एमएससी छात्र, प्रशासन ने सुरक्षित निकाला।

सोनभद्र की रेणुका नदी में फंसे तीन एमएससी छात्र, प्रशासन ने सुरक्षित निकाला।

HighLights

  1. रेणुका नदी में फंसे तीन एमएससी छात्र।

  2. जलस्तर बढ़ने से टापू पर हुए थे कैद।

  3. प्रशासन ने एक घंटे में सुरक्षित निकाला।

जागरण संवाददाता, ओबरा (सोनभद्र)। रेणुका नदी छठ घाट के समीप रविवार शाम उस समय अफरातफरी मची रही, जब घूमने और सेल्फी लेने पहुंचे ओबरा पीजी कालेज में पढ़ने वाले एमएससी के तीन छात्र अचानक नदी का जलस्तर बढ़ने से नदी के बीच टापू पर फंस गए। चारों ओर पानी बढ़ता देख छात्रों के होश उड़ गए।

कोई रास्ता नहीं सूझने पर उन्होंने डायल 112 पर फोन कर मदद की गुहार लगाई। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया और करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद तीनों युवकों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। नौगढ़ निवासी तीनों युवक ओबरा पीजी कालेज में एमएससी के छात्र हैं।

रविवार की शाम वे घूमने और सेल्फी लेने के लिए सेक्टर-3 स्थित रेणुका नदी छठ घाट पर जलस्तर काफी कम होने पर नदी के बीचों बीच टापू पर चले गए। इसी दौरान शाम करीब छह बजे ओबरा डैम पर स्थापित जल विद्युत् परियोजना से उत्पादन के दौरान टरबाइन से निकलने वाले पानी के कारण नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा। देखते ही देखते पानी ने टापू को चारों ओर से घेर लिया और तीनों छात्र बीच में ही फंसकर रह गए।

बाहर निकलने का रास्ता बंद होता देख उन्होंने तत्काल पुलिस की आपातकालीन सेवा डायल 112 से संपर्क किया। छात्रों के पानी के बीचों बीच फंसे होने की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। एसडीएम के निर्देश पर तहसीलदार नरेंद्र राम भी मौके पर पहुंचे।

वहीं ओबरा चौकी प्रभारी अमित सिंह और नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी आशुतोष त्रिपाठी भी कर्मचारियों के साथ बचाव कार्य में जुट गए। छात्रों तक पहुंचने के लिए नाव की व्यवस्था कराई गई, जिसमें करीब सात बज गए। इसके बाद बचाव दल नाव लेकर टापू तक पहुंचा और तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकालकर राहत की सांस ली।

रेस्क्यू के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने तीनों छात्रों को भविष्य में ऐसी जोखिम भरी गतिविधियों से बचने की सख्त हिदायत दी। अधिकारियों ने बताया कि जलस्तर में अचानक वृद्धि के दौरान नदी और टापू के आसपास जाना जानलेवा साबित हो सकता है। बचाव अभियान में चेयरमैन प्रतिनिधि श्रवण पासवान, राजू साहनी, सुनील कुमार शुक्ला, राजेश कुमार यादव, सुधांशु मिश्रा समेत नगर पंचायत के कर्मचारियों ने सक्रिय सहयोग किया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।