सिंगरौली में कच्चा मकान ढहने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत, पांच गंभीर रूप से घायल
सिंगरौली जिले में सोमवार रात एक कच्चे मकान के ढह जाने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत ...और पढ़ें

सिंगरौली में कच्चा मकान ढहा तीन की मौत पांच घायल मुख्यमंत्री ने की सहायता की घोषणा।
HighLights
सिंगरौली में कच्चा मकान ढहने से तीन की मौत।
हादसे में एक ही परिवार के पांच सदस्य गंभीर घायल।
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता दी।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र/सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में सोमवार रात कच्चे मकान के अचानक ढह जाने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि परिवार के पांच अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में 36 वर्षीय अरुण विश्वकर्मा, उनकी महज दो वर्षीय मासूम बेटी पुष्पा और 65 वर्षीय मां संतुलिया देवी शामिल हैं। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
घटना सोमवार रात करीब नौ बजे बैढ़न कोतवाली थाना क्षेत्र के बरहपान गांव के जलसहनी टोला की बताई जा रही है। परिवार के सभी सदस्य रात में भोजन करने के बाद घर के अंदर सो रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका कच्चा मकान भरभराकर ढह गया और परिवार के सदस्य मलबे में दब गए। ग्रामीणों ने बताया कि मकान की एक दीवार पहले से ही फटी हुई थी और उसमें से आवाजें भी आ रही थीं।
दीवार की स्थिति देखकर मकान गिरने की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन इससे पहले कि परिवार के लोग कुछ समझ पाते, पूरा मकान अचानक ढह गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। इस हादसे में मृतक अरुण विश्वकर्मा की पत्नी बेलमती विश्वकर्मा, पिता सुदर्शन विश्वकर्मा, बेटी रोशनी विश्वकर्मा व बेटे दीपक सहित परिवार के पांच सदस्य घायल हुए हैं।
सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीम और पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया। इसके बाद जेसीबी मशीन की मदद से मलबा हटाकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। ग्रामीणों और प्रशासन की संयुक्त मशक्कत के बाद देर रात करीब एक बजे तक मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया। हालांकि, तब तक तीन लोगों की जान जा चुकी थी।
हादसे में घायल पांच अन्य लोगों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। बैढ़न एसडीएम राजेश जाधव और पुलिस अफसरों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य का जायजा लिया। घटना का संज्ञान मुख्यमंत्री ने भी लिया है। उन्होंने मृतक के स्वजन को एक-एक लाख भी जारी करवाया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।