विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मतदाता सूची में छूटे नामों को मिलेगा दूसरा मौका, बस्तियों में भी लगेंगे शिविर

By Prashant Kumar Shukla Edited By: Abhishek sharma
Published: Thu, 12 Nov 2026 01:17 PM (IST)

सोनभद्र में मतदाता सूची में छूटे पात्र नागरिकों को दूसरा मौका मिलेगा। निर्वाचन विभाग शत-प्रतिशत पंजीकरण के लिए औद्योगिक इकाइयों, आवासीय कॉलोनियों और मलिन बस्तियों में विशेष शिविर लगाएगा।

सोनभद्र में मतदाता सूची पंजीकरण का विशेष अभियान, छूटे नागरिकों को मिलेगा अवसर।

सोनभद्र में मतदाता सूची पंजीकरण का विशेष अभियान, छूटे नागरिकों को मिलेगा अवसर।

HighLights

  1. पात्र नागरिकों के शत-प्रतिशत पंजीकरण का लक्ष्य निर्धारित।

  2. औद्योगिक इकाइयों, बस्तियों में लगेंगे विशेष पंजीकरण शिविर।

  3. पुराने मतदाताओं को भी दोबारा पंजीकरण का अवसर मिलेगा।

जागरण संवाददाता, सोनभद्र। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों को अब दूसरा मौका मिलेगा। विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत निर्वाचन विभाग ने शत-प्रतिशत पात्र नागरिकों का पंजीकरण कराने के लिए व्यापक अभियान की तैयारी की है।

इसके लिए औद्योगिक इकाइयों, आवासीय कालोनियों, न्यायालय परिसरों, कारखानों और मलिन बस्तियों तक विशेष शिविर लगाए जाएंगे। विभिन्न संगठनों और सामाजिक संस्थाओं को भी इस अभियान से जोड़ा जाएगा। अपर जिलाधिकारी व उप जिला निर्वाचन अधिकारी वागीश कुमार शुक्ला ने बताया कि सार्वजनिक एवं निजी औद्योगिक संस्थानों, श्रमिक संगठनों, व्यापार मंडलों, चिकित्सक संघों, बार एसोसिएशन और रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के सहयोग से पात्र लोगों को चिह्नित किया जाएगा।

कार्यस्थलों पर शिविर लगाकर कर्मचारियों, संविदा श्रमिकों और दैनिक वेतनभोगियों का पंजीकरण होगा। वहीं आवासीय परिसरों में नए मतदाताओं और युवाओं को सूची में नाम जुड़वाने में मदद मिलेगी। ग्राम प्रधानों, पार्षदों और समाजसेवियों की भी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

पुराने मतदाताओं को भी राहत
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण से पहले की मतदाता सूची में नाम शामिल होने के बावजूद वर्तमान सूची से नाम गायब है तो संबंधित व्यक्ति फार्म-6 भरकर दोबारा पंजीकरण करा सकता है। ऐसी स्थिति में लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा-31 के तहत कोई कार्रवाई नहीं होगी।

हालांकि, संबंधित व्यक्ति का नाम किसी अन्य विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में दर्ज नहीं होना चाहिए और उसकी घोषणा विधिसम्मत होनी चाहिए। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि इन प्रावधानों का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिकाधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ें।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।