साईं महायज्ञ में श्रद्धालुओं ने निकाली कलश यात्रा
ग्राम बांसी स्थित सांई मंदिर प्रांगण में शनिवार से आयोजित सात दिवसीय 13वां श्री सांई महायज्ञ का शुभारंभ भव्य कलश शोभा यात्रा, पंचाग पूजन, मंडप प्रवेश एवं अग्नि मंथन कर किया गया।
जासं, बीना (सोनभद्र) : ग्राम बांसी स्थित सांई मंदिर प्रांगण में शनिवार से आयोजित सात दिवसीय 13 वां श्री साईं महायज्ञ का शुभारंभ भव्य कलश शोभा यात्रा व मंडप प्रवेश कर किया गया। महायज्ञ के निमित्त गाजे-बाजे व जयकारे के साथ ग्राम बांसी से शोभायात्रा निकाली गई। इसमें शामिल सैकड़ों नर-नारियों ने मुख्य मार्ग से ग्राम बांसी व बीना कालोनी का चक्रमण करते हुए परियोजना के तालाब पर पहुंचे। जिसे यज्ञाचार्य पं. मिथिलेश वैद्य व अन्य विद्वतजनों ने मंत्रोच्चारण के साथ कलश की स्थापना की गई।
पुण्य-फल की कामना लेकर तमाम देवी-देवताओं का आह्वान किया गया। विद्वतजनों के वैदिक मंत्रोच्चारण की अनुगूंज से पूरा क्षेत्र भक्तिभाव में सराबोर रहा। ध्वनि विस्तारक यंत्रों से गांव का कोना-कोना झंकृत हो रहा है, जिससे भक्तों में आस्था व उत्साह का संचार बढ़ता जा रहा है। यज्ञाचार्यों ने बताया कि कलश यात्रा यज्ञ में नींव की पहली ईंट होती है। ईश्वर की असीमकृपा पात्र दिव्य भूमि को ही यज्ञ में काम आने का गौरव प्राप्त होता है। यज्ञ साक्षात ईश्वर का स्वरूप होता है। यज्ञ का आयोजन या उसमें भाग लेने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती है। सांई मंदिर के स्वामी शंकर जी महाराज ने कलश यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं की पुण्य फल की कामना की। सुरक्षा व्यवस्था हेतु बीना चौकी प्रभारी प्रमोद यादव ने कलश यात्रा के दौरान मुख्य मार्ग पर आवागमन को वन-वे रखा। इस अवसर पर बैजनाथ मद्देशिया, दिलीप गुप्ता, इन्द्र प्रसाद यादव, ओंकार यादव, ददन ¨सह, रामजी, विजय कुमार, ओम प्रकाश गुप्ता, ईश्वरी ¨सह आदि यज्ञ को सफल बनाने में पूर्ण मनोवेग से लगे रहे।