सोनभद्र सहित प्रदेश के आठ जनपदों में बने सैनिक कल्याण भवनों का सीएम ने किया लोकार्पण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ में आयोजित समारोह से सोनभद्र सहित आठ जिलों में नवनिर्मित सैनिक कल्याण कार्यालय भवनों और ...और पढ़ें

सीएम योगी ने सोनभद्र सहित आठ जिलों में सैनिक कल्याण भवनों का किया लोकार्पण।
HighLights
सीएम योगी ने आठ जिलों में सैनिक कल्याण भवनों का लोकार्पण किया।
सोनभद्र में 4.89 करोड़ की लागत से बना भवन शामिल।
पूर्व सैनिकों और आश्रितों को मिलेंगी महत्वपूर्ण सुविधाएं।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र। मेरठ में शनिवार को आयोजित ‘पूर्व सैनिक पुनर्मिलन समारोह’ के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भाषण का यहां कलेक्ट्रेट सभागार में का सजीव प्रसारण का आयोजन हुआ। इस दौरान सैनिक कल्याण विभाग के अंतर्गत नवनिर्मित जिला सैनिक कल्याण कार्यालय भवनों एवं विश्राम गृहों का वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण किया गया। इसमें जिले के नवनिर्मित जिला सैनिक कल्याण कार्यालय एवं विश्राम गृह भी शामिल था।
उपस्थित अधिकारियों एवं पूर्व सैनिकों ने समारोह के सजीव प्रसारण के माध्यम से मुख्यमंत्री का संबोधन सुना तथा प्रदेश के विभिन्न जनपदों में निर्मित सैनिक कल्याण भवनों एवं विश्राम गृहों के लोकार्पण कार्यक्रम के साक्षी बने। प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश के कुल आठ जनपदों औरैया, अमेठी, गोरखपुर, चंदौली, शामली, संतकबीर नगर, अम्बेडकर नगर एवं सोनभद्र में जिला सैनिक कल्याण कार्यालय भवन एवं विश्राम गृहों का निर्माण कराया गया है।
इन सभी परियोजनाओं पर कुल 27 करोड़ 45 लाख 23 हजार रुपये की धनराशि व्यय की गई है। इनमें जनपद सोनभद्र में लगभग 4.89 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित जिला सैनिक कल्याण कार्यालय भवन एवं विश्राम गृह भी शामिल है। ये भवन जनपद के पूर्व सैनिकों तथा उनके आश्रितों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा साबित होगा।
इससे उन्हें सैनिक कल्याण विभाग से संबंधित विभिन्न सेवाओं, सुविधाओं एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सहूलियत मिलेगी। यह पहल पूर्व सैनिकों के सम्मान, सुविधा एवं कल्याण के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को भी प्रदर्शित करती है। इस मौके पर अधिशासी अभियंता रामकृष्ण द्विवेदी, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, पूर्व सैनिक रामवर्धन, सूबेदार मानिकचंद, प्रेमनाथ कुशवाहा, स्व. केदारनाथ की पत्नी राजकुमारी देवी आदि उपस्थित रहे।