किशोरी के अपहरण का आरोप
ग्राम बांसी निवासी एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग किशोरी के अपहरण का आरोप औड़ी-शक्तिनगर फोरलेन निर्माण में कार्य कर रही संविदा कंपनी पर लगाते हुए स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज करायी है।
जासं, अनपरा (सोनभद्र) : बांसी निवासी लक्ष्मण यादव पुत्र जवाहर यादव ने शक्तिनगर पुलिस को दिये शिकायत पत्र में आरोप लगाया है कि उनकी पुत्री जो कक्षा 11 वीं की छात्रा है। मेरे मकान से सटे पीडब्लूडी का कैम्प है। इसमें एक कंपनी के अधिकारी व कर्मचारी रहते हैं। कंपनी का एक कर्मचारी नाबालिग बच्ची का अपहरण कर लिया है। बताया कि इसी बीच 25 दिसम्बर को उनकी पुत्री बिना किसी को बताये घर से गायब हो गई। 26 दिसम्बर को उन्होंने अपने आस-पड़ोस सहित रिश्तेदारी में खोजने के बाद उसका कहीं भी पता नहीं चल पाया। इस संबंध में शक्तिनगर थानाध्यक्ष अंजनी राय ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। जबकि कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि आरोप निराधार है।