भू-माफियाओं के खिलाफ किया प्रदर्शन
चोपन ब्लाक के पड़रक्ष व कोटा सहित आस-पास के इलाके में आदिवासियों की भूमि पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाते हुए सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने बुधवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। भू-माफियाओं के खिलाफ नारेबाजी किया और डीएम को ज्ञापन देकर भूमि कब्जामुक्त कराने की मांग की।
जासं, सोनभद्र: चोपन ब्लाक के पड़रक्ष व कोटा सहित आस-पास के इलाके में आदिवासियों की भूमि पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाते हुए सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने बुधवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। भू-माफियाओं के खिलाफ नारेबाजी किया और डीएम को ज्ञापन देकर भूमि कब्जामुक्त कराने की मांग की।
सुभासपा के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार जायसवाल ने बताया कि भू-माफियाओं द्वारा वनवसियों की भूमि पर अवैध तरीके से कब्जा किया गया है। इसका विरोध करने पर धमकी दी जाती है। जिस भूमि पर वर्षों से आदिवासी क्षेत्र के लोग काबिज थे उसपर आज तथाकथित भू-माफियाओं का कब्जा हो गया है। साथ में आए ग्रामीणों ने कहा कि हम लोगों की भूमि पर राजस्व विभाग के अधिकारी के द्वारा गलत तरीके से किसी और को आवंटन दे दिया गया। मांग किया कि इसकी जांच कराकर भूमि को कब्जामुक्त किया जाए। इसमें अमरेश यादव, मंगल यादव, रामचंद्र, अनुराधा गुप्ता, सुंदर, केवल जायसवाल, मुन्ना जायसवाल, अयोध्या, बंधु आदि मौजूद थे।