आंधी-पानी ने जमकर मचाई तबाही
तहसील मुख्यालय एवं आसपास के क्षेत्रों में बुधवार की शाम एवं रात में आई आंधी-पानी ने जमकर तबाही मचाई है। कोतवाली क्षेत्र के कर्री गांव में एक महिला पर छत गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
जासं, दुद्धी (सोनभद्र) : तहसील
मुख्यालय व आसपास के क्षेत्रों में बुधवार की शाम व रात में तेज आंधी व पानी ने जमकर तबाही मचाई। इस दौरान कोतवाली क्षेत्र के कर्री गांव में एक महिला के ऊपर छप्पर गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे परिजनों द्वारा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बुधवार की देरशाम व रात में तेज हवाओं ने इलाके के कई घरों के छप्पर को उजाड़ दिया। जिससे लोगों को भारी क्षति का सामना करना पड़ा है। सिर्फ कर्री गांव में ही आंधी-पानी के कहर से बाबू सिंह, लालचंद, विनोद व प्रमोद मेहता, हुबलाल मेहता, संतोष व अशोक कुशवाहा के घर का छप्पर उजड़ने से भारी क्षति का सामना करना पड़ा। इसके अलावा बारिश से घर में रखा अनाज एवं अन्य सामान भींग जाने से नष्ट हो गया। वहीं फूलमनियां देवी (35) के ऊपर छप्पर गिरने से उसके शरीर पर कई स्थानों पर चोट के अलावा दाहिना पैर भी टूट गया। जिसके वजह से उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इसके अलावा मेन एवं एलटी लाइन पर पेड़ गिरने से दर्जनों पोल एवं तार टूट गए। इससे कई इलाके की विद्युत आपूर्ति भी रात से बाधित है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप