सोनभद्र: मजदूरी दिलाने के बहाने युवती को राजस्थान में 2.50 लाख रुपये में बेचा, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
सोनभद्र की एक 76 वर्षीय मां ने आरोप लगाया है कि उसकी 22 वर्षीय बेटी को मजदूरी का झांसा देकर ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
76 वर्षीय मां ने बेटी को बेचने का आरोप लगाया।
22 वर्षीय बेटी को राजस्थान ले जाकर बेचा गया।
2.50 लाख रुपये में शादी कराने का आरोप है।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र। बभनी थाना क्षेत्र के जौराही गांव की एक 76 वर्षीय महिला ने अपनी 22 वर्षीय बेटी को मजदूरी दिलाने के बहाने राजस्थान ले जाकर 2.50 लाख रुपये में बेचने और शादी कराने का आरोप लगाया है। पीड़िता की मां ने चार लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना कराने के लिए न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया है।
जौराही निवासी हीरकुंअर के अनुसार, उन्होंने वर्ष 2017 में बेटी संगीता की शादी म्योरपुर थाना क्षेत्र के फाटपखाना गांव निवासी रामलखन गोंड़ से की थी। दंपती के एक बेटा और एक बेटी हैं। आरोप है कि करीब छह माह पहले रामलखन बच्चों और पत्नी को घर पर छोड़कर दूसरे प्रदेश में मजदूरी करने चला गया।
इसके बाद मां अपनी बेटी और दोनों बच्चों को अपने घर ले आई। इसी दौरान गांव की मंजू देवी, बभनी निवासी अमरनाथ और म्योरपुर क्षेत्र की श्रीदेवी उसकी पुत्री संगीता को वाराणसी में अच्छी मजदूरी दिलाने का झांसा देकर अपने साथ ले गए। काफी समय तक बेटी के वापस नहीं लौटने पर मां अपने पति के साथ तीनों के घर पहुंची।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
आरोप है कि वहां उन्हें बताया गया कि संगीता राजस्थान चली गई है और उसने वहां शादी कर ली है। मां की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित लोगों को बुलाकर पूछताछ की तो कथित तौर पर संगीता को राजस्थान में अलवर निवासी कपिल सिंह नामक व्यक्ति को 2.50 लाख रुपये में बेचने की जानकारी हुई।
वहां अमरनाथ व मंजू ने उसके माता-पिता के रूप में उसकी शादी करा दी। पीड़िता का आरोप है कि बेटी को वापस लाने की बात कहने पर आरोपित उसे जान से मरवाने की धमकी दे रहे हैं।
महिला ने अपने दामाद रामलखन पर भी इस घटना में शामिल होने का आरोप लगाया है। बभनी थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद सरोज ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
यह भी पढ़ें- सोनभद्र में एक करोड़ की लागत से बदलेगी पार्क की सूरत, बनेगा बैडमिंटन कोर्ट और ओपन जिम
