विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनभद्र में एक करोड़ की लागत से बदलेगी पार्क की सूरत, बनेगा बैडमिंटन कोर्ट और ओपन जिम

Published: Sat, 10 Oct 2026 02:55 PM (GMT+05:30)

सोनभद्र में नगर पालिका कार्यालय के सामने स्थित पुराने पार्क का एक करोड़ रुपये की लागत से जीर्णोद्धार किया जाएगा। ...और पढ़ें

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. सोनभद्र पार्क का एक करोड़ रुपये से होगा जीर्णोद्धार।

  2. पार्क में बनेगा बैडमिंटन कोर्ट और ओपन जिम।

  3. बच्चों के झूले, टहलने का ट्रैक भी होगा शामिल।

जागरण संवाददाता, सोनभद्र। नगर के बाजार क्षेत्र में स्थित नगर पालिका कार्यालय के सामने आरटीएस क्लब के पास बने पुराने पार्क की सूरत बदलने की तैयारी है। करीब एक करोड़ रुपये की लागत से पार्क का जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। इसके लिए जल्द ही टेंडर की प्रक्रिया शुरू होगी।

योजना के तहत पार्क में बाउंड्रीवाल, बैडमिंटन कोर्ट, ओपन जिम, बच्चों के खेलने के लिए झूले, टहलने के लिए ट्रैक और आकर्षक लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी। लंबे समय से उपेक्षा का शिकार इस पार्क को व्यवस्थित कर नागरिकों के उपयोग लायक बनाने की योजना है।

उपेक्षा ने घटाई पार्क की उपयोगिता

नगर के प्रमुख बाजार क्षेत्र में चाचा नेहरू पार्क के अलावा नगर पालिका कार्यालय के सामने स्थित यह पार्क भी लोगों के लिए महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थल बन सकता है। हालांकि, लंबे समय से जीर्णोद्धार और साफ-सफाई के अभाव में इसकी उपयोगिता प्रभावित हो रही थी।

पार्क परिसर में पानी की टंकी होने के साथ नगर पालिका के सफाई कार्य से संबंधित सामान भी रखा जाता है। अव्यवस्था और अराजक तत्वों की मौजूदगी के कारण लोग यहां टहलने और समय बिताने से कतराते हैं। ऐसे में पार्क का मूल उद्देश्य ही प्रभावित हो रहा था।

बच्चों से बुजुर्गों तक के लिए होंगी सुविधाएं

प्रस्तावित योजना में पार्क को केवल सुंदर बनाने के बजाय नागरिक सुविधाओं से जोड़ने पर जोर दिया गया है। बाउंड्रीवाल बनने से परिसर को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने में मदद मिलेगी। बैडमिंटन कोर्ट और ओपन जिम से युवाओं व अन्य लोगों को व्यायाम की सुविधा मिलेगी, वहीं बच्चों के लिए झूले लगाए जाएंगे।

टहलने के लिए ट्रैक और रोशनी की व्यवस्था होने से लोग सुबह-शाम यहां समय बिता सकेंगे। यदि योजना के अनुरूप सभी कार्य पूरे होते हैं तो बाजार क्षेत्र में रहने वाले लोगों को मनोरंजन और स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों के लिए एक अतिरिक्त सार्वजनिक स्थल मिल सकेगा।

नगर पालिका के सामने के पार्क का जीर्णोद्धार किया जाएगा। करीब एक करोड़ रुपये इस पर खर्च किये जाएंगे। इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जल्द ही टेंडर पूर्ण कराकर कार्य शुरू करा दिया जाएगा। -मुकेश कुमार, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका सोनभद्र।