विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनभद्र में मुकदमा वापस न लेने पर वाहन से कुचलकर जान से मारने की धमकी

By mukesh srivastava Edited By: Abhishek sharma
Published: Tue, 24 Nov 2026 03:06 PM (IST)

सोनभद्र में बेटे की गुमशुदगी का मुकदमा वापस न लेने पर एक महिला को जातिसूचक गालियां दी गईं। आरोपितों ने महिला को वाहन से कुचलकर जान से मारने की धमकी भी दी, जिसके बाद एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ।

सोनभद्र में बेटे के मुकदमे में सुलह न करने पर महिला को मिली जान से मारने की धमकी।

सोनभद्र में बेटे के मुकदमे में सुलह न करने पर महिला को मिली जान से मारने की धमकी।

HighLights

  1. बेटे की गुमशुदगी का मुकदमा वापस न लेने पर धमकी।

  2. महिला को जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर गाली दी गई।

  3. वाहन से कुचलकर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी।

जागरण संवाददाता, सोनभद्र। बेटे की गुमशुदगी के मामले में दर्ज मुकदमे में सुलह नहीं करने पर आरोपितों ने एक महिला को जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली दी। वाहन से कुचलकर जान से मारने की धमकी दी।

पीड़िता के पति अमवार के पुनर्वास कालोनी निवासी गौरीशंकर की तहरीर पर पुलिस ने सुदंरी गांव निवासी जलालुद्दीन उर्फ मौलाना, मोहम्मद एकबाल के खिलाफ एससी एसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अमवार पुनर्वास कालोनी निवासी गौरी शंकर ने तहरीर दिया है कि उसका बेटा विकलेश कुमार पांच जुलाई 2024 को लापता हो गया था।

इस मामले में उन्होंने 25 जुलाई 2024 को दुद्धी थाने में सुंदरी निवासी रफीउद्दीन उर्फ सुपाड़ी, एहतेसामुद्दीन उर्फ पिंटू, जलालुद्दीन और मो. इकबाल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप है कि 14 नवंबर को उनकी पत्नी विमला देवी अमवार बाजार जा रही थी। घर से करीब 100 मीटर आगे मुख्य मार्ग पर जलालुद्दीन उर्फ मौलाना और मो. इकबाल बाइक से पहुंचे और उन्हें रोक लिया।

आरोपितों ने मुकदमे में सुलह करने को कहा। विमला देवी ने न्यायालय में मामला चलने की बात कहते हुए समझौता करने से मना कर दिया। इस पर दोनों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली दी। साथ ही धमकी दी कि जिस तरह उनका बेटा गायब हुआ है, उसी तरह मुकदमे में सुलह नहीं करने पर वाहन चढ़ाकर पूरे परिवार को जान से मार देंगे। इस मामले की जांच सीओ दुद्धी को सौपी गई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।