5 दिन बाद भी किडनैपर का पता नहीं लगा पाई सोनभद्र पुलिस, व्यापारी को अगवा करने आए बदमाश अब भी आजाद
सोनभद्र में टू-व्हीलर शोरूम संचालक रोहित कुमार के अपहरण के प्रयास को 145 घंटे बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस अब तक बदमाशों का सुराग नहीं लगा पाई है।

एआई जनरेटेड तस्वीर।
HighLights
रोहित कुमार के अपहरण प्रयास को 145 घंटे बीते।
पुलिस अब तक बदमाशों का सुराग नहीं लगा पाई।
सीसीटीवी फुटेज से कार की पहचान की जा रही।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र। टू व्हीलर शोरूम संचालक रोहित कुमार के अपहरण के प्रयास की घटना के 145 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस बदमाशों का सुराग नहीं लगा पाई है। सोमवार की देर शाम हुई इस वारदात ने नगर में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपितों तक पहुंचने के लिए जांच तेज करने का दावा किया है, लेकिन अब तक मामले का राजफाश नहीं होने से पीड़ित और नगर के व्यापारी संगठन अभी भी जवाब के इन्तजार में हैं। बीते सोमवार शोरूम बंद कर घर लौट रहे रोहित कुमार को कार सवार कुछ लोगों ने पहले मोटरसाइकिल में पीछे से टक्कर मारी।
इसके बाद आरोपितों ने खुद को क्राइम ब्रांच का सदस्य बताते हुए उन्हें थाने ले जाने की बात कही और जबरन कार में बैठाने का प्रयास किया। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट भी की गई। हालांकि रोहित के प्रतिरोध के कारण बदमाश अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके।
वारदात के बाद से ही पुलिस मामले की तह तक पहुंचने में जुटी है। घटना में इस्तेमाल की गई कार, आरोपितों की पहचान और वारदात के पीछे की मंशा समेत कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है। फिलहाल 145 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। अब देखना यह है कि जांच में जुटी पुलिस कब तक इस मामले का पर्दाफाश कर आरोपितों को गिरफ्तार कर पाती है।
प्रभारी निरीक्षक प्रणय प्रसून श्रीवास्तव का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना में प्रयुक्त कार का पता लगाया जा रहा है। जल्द ही आरोपितों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
यह भी पढ़ें- सोनभद्र में लाहौरी जीरा कोल्ड ड्रिंक की आड़ में अंग्रेजी शराब की तस्करी, दो आरोपी गिरफ्तार
