विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनभद्र में लाहौरी जीरा कोल्ड ड्रिंक की आड़ में अंग्रेजी शराब की तस्करी, दो आरोपी गिरफ्तार

By mukesh srivastava Edited By: Abhishek sharma
Published: Thu, 15 Oct 2026 06:45 PM (IST)

सोनभद्र में पुलिस ने लाहौरी जीरा कोल्ड ड्रिंक की आड़ में ले जाई जा रही भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब ...और पढ़ें

सोनभद्र में कोल्ड ड्रिंक की आड़ में अंग्रेजी शराब की तस्करी का भंडाफोड़ दो गिरफ्तार।

सोनभद्र में कोल्ड ड्रिंक की आड़ में अंग्रेजी शराब की तस्करी का भंडाफोड़ दो गिरफ्तार।

HighLights

  1. सोनभद्र में कोल्ड ड्रिंक ट्रक से अंग्रेजी शराब बरामद।

  2. 625 पेटियों में 9,588 बोतलें शराब जब्त की गईं।

  3. हरियाणा से झारखंड जा रही शराब, दो तस्कर गिरफ्तार।

जागरण संवाददाता, सोनभद्र। राबर्ट्सगंज काेतवाली व एसओजी पुलिस ने पंचमुखी हनुमान मंदिर से आगे चुर्क की तरफ सड़क से हटकर मैदान में खड़े ट्रक की बुधवार की रात जांच की। उसके केबिन में लाहौरी जीरा कोल्ड ड्रिंक की पेटियों के नीचे 625 पेटियों में 9,588 शीशी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। साथ ही लाहौरी जीरा की 1,275 यूनिट बरामद हुई।

पुलिस ने इस मामले में हिमांचल प्रदेश बिलासपुर जिला के जामली गांव निवासी नसीब चन्द राजपूत व स्वरघाट थाना क्षेत्र के कृष्णपाल राजपूत को गिरफ्तार किया है। तस्कर लाहौरी जीरा की आड़ में अंग्रेजी शराब हरियाणा के पानीपन पंचकूला से झारखंड की राजधानी रांची ले जा रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपितों का चालान कर दिया।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने गुरुवार को चुर्क पुलिस लाइन सभागार में पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि बुधवार की रात राबर्ट्सगंज कोतवाली, एसओजी, चौकी हिंदुआरी, चुर्क लोढ़ी की पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। सूचना पर टीम ने पंचमुखी हनुमान मंदिर से आगे चुर्क की तरफ सड़क से हटकर मैदान में खड़े ट्रक की जांच की।

ट्रक के केबिन में बैठे दो व्यक्तियों से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम नसीब चन्द राजपूत एवं कृष्णपाल राजपूत बताया। दोनों व्यक्तियों ने ट्रक में लाहौरी जीरा कोल्ड ड्रिंक लदे होने की बात कही। इसके समर्थन में इनवाइस एवं ई-वे बिल प्रस्तुत किए। दस्तावेजों में माल दिल्ली से झारखंड भेजे जाने का उल्लेख था, जबकि दोनों व्यक्ति माल पंजाब से लादकर लाने की बात बता रहे थे।

दस्तावेजों एवं उनके कथनों में विसंगति मिलने पर पुलिस टीम ने ट्रक की तलाशी ली। इस दौरान लाहौरी जीरा कोल्ड ड्रिंक की पेटियों के नीचे छिपाकर रखी गई कुल 625 पेटियों में 9,588 शीशी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। शराब की बोतलों पर ओनली फार पंजाब सेल अंकित था। आरोपित शराब के परिवहन एवं बिक्री के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

एसपी ने बताया कि आरोपितों ने पूछताछ में जानकारी दी कि ट्रक में लदे माल को उनके मालिक, वाहन स्वामी ने लोड कराया था। आरोपितों ने ट्रक में लाहौरी जीरा कोल्ड ड्रिंक लदे होने के संबंध में इनवाइस एवं ई-वे बिल प्रस्तुत किए थे, जिनमें माल को दिल्ली से झारखंड भेजे जाने का उल्लेख था। जबकि उन्होंने माल हरियाणा के पानीपत एवं पंचकूला से झारखंड की राजधानी रांची ले जानें की बात बताई थी। पत्रकार वार्ता में एएसपी मुख्यालय मेविस टाक, सीओ सिटी रणधीर मिश्रा शामिल रहे।