सोनभद्र में सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई पिकअप, ड्राइवर समेत दो लोगों की मौत
सोनभद्र के सुकृत में चहलवा घाटी में मंगलवार देर रात एक पिकअप खड़े ट्रक से टकरा गई, जिससे चालक सहित दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

सड़क हादसे में दो युवकों की मौत।
HighLights
सोनभद्र की चहलवा घाटी में पिकअप-ट्रक की भीषण टक्कर।
हादसे में पिकअप चालक समेत दो युवकों की मौत हुई।
मृतक बलिया से सामान पहुंचाकर दुद्धी लौट रहे थे।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र/मधुपर। सुकृत के चहलवा घाटी में मंगलवार की देर रात पिकअप खड़े ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में पिकअप चालक दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के कटौली गांव निवासी 35 वर्षीय सद्दाम खान और कादल गांव निवासी 26 वर्षीय रविंद्र कुमार का नाम है। दोनों बलिया से खाली गाड़ी लेकर दुद्धी लौट रहे थे। पुलिस कार्रवाई में जुटी है।
दुद्धी कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक मिट्ठू प्रसाद का यहां से तबादला गैर जनपद हो गया है। मंगलवार को दोपहर बाद सद्दाम खान अपनी पिकअप से अपने दोस्त रविंद्र कुमार के साथ कोतवाली गया और वहां ट्रांसफर हुए दरोगा के घर का सामान पिकअप पर लाकर बलिया गया।
दोनों वहां से सामान उतारने के बाद घर लौट रहे थे। पिकअप सुकृत के चहलवा घाटी पर पहुंची थी तभी पटरी पर खड़े ट्रक से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज की पिकअप के परखचे उड़ गए और दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी पर सुकृत चौकी पुलिस दोनों को मधुपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी पहचान के बाद घटना की जानकारी घरवालों को दी गई। देर रात घर वाले भी पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे गए। सद्दाम के पिता बशीर खान ने बताया कि उसके दो लड़के हैं।
सद्दाम बड़ा था। उसकी शादी छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज में रुबीना के साथ हुई थी। सद्दाम को दो बच्चे हैं जबकि मृतक रविंद्र कुमार कुशवाहा उर्फ सोनू के पिता अमरजीत कुशवाहा ने बताया कि उसके तीन बच्चे हैं। रविंद्र तीनों में सबसे छोटा था। पांच साल पहले उसकी शादी हुई थी। उसको एक लड़का एक लड़की है।
उसने बताया कि सद्दाम और रविंद्र दुद्धी कोतवाली में तैनात रहे दरोगा मिट्ठू प्रसाद का सामान लेकर बलिया पहुंचाने गए थे। उनका यहां से ट्रांसफर हो चुका है। बलिया से सामान उतार कर लौटते वक्त यह घटना हुई।
यह भी पढ़ें- आगरा में सड़क हादसा, खेरिया पुल के हाईट गेज में घुसी स्लीपर बस; यात्रियों में मची चीख-पुकार
