विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनभद्र में सांस की नली में दूध फंसने से नवजात की मौत, परिवार में मचा कोहराम

Published: Wed, 11 Nov 2026 11:20 PM (IST)

सोनभद्र के म्योरपुर सीएचसी में श्वास नली में दूध फंसने से एक नवजात की मौत हो गई। शिशु के शव ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. म्योरपुर सीएचसी में नवजात की श्वास नली में दूध फंसा।

  2. शिशु की मौत के बाद एंबुलेंस मिलने में देरी हुई।

  3. डॉक्टर ने नवजात को दूध पिलाने में सावधानी बरतने की सलाह दी।

जागरण संवाददाता, सोनभद्र। सीएचसी म्योरपुर में मंगलवार शाम करीब पांच बजे श्वास नली में दूध फंसने से नवजात की मौत हो गई। नवजात बच्ची की मौत के बाद स्वजन को उसका शव और बीमार प्रसूता को घर ले जाने के लिए एंबुलेंस नहीं मिल सकी।

करीब चार घंटे तक बच्ची का शव अस्पताल में पड़ा रहा। रात में एंबुलेंस की व्यवस्था के लिए परिजन अस्पताल कर्मियों से गुहार लगाते रहे, लेकिन इंतजाम नहीं हो सका। आखिरकार रात करीब एक बजे निजी वाहन से नवजात का शव और बीमार प्रसूता को घर ले जाना पड़ा।

म्योरपुर ब्लॉक के आदिवासी बाहुल्य बेलहत्थी ग्राम पंचायत के निहाई पत्थर निवासी 22 वर्षीया फूलकुंवर पत्नी रामसुंदर को प्रसव के लिए एक दिन पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार शाम नवजात बच्ची की मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, प्रसव के करीब 12 घंटे बाद बच्ची को पाउडर वाला दूध पिलाया गया था। इसके बाद दूध उसकी श्वास नली में फंस गया और उसकी हालत बिगड़ गई।

बुधवार को बच्ची के जेठ कमला खरवार ने बताया कि प्रसूता का इलाज रानीताली में कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब वे सीएचसी म्योरपुर नहीं जाएंगे। वहीं, सीएचसी अधीक्षक डॉ. शिशिर श्रीवास्तव ने बताया कि नवजात की मौत श्वास नली में दूध फंसने से हुई। प्रसूता की हालत गंभीर होने के कारण उसे अस्पताल से छुट्टी नहीं दी जा रही थी।

नवजात को दूध पिलाकर कंधे पर थपकी देने से नहीं रहता है जान जाने का खतरा

स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल लोढ़ी की बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. मिनाक्षी पांडेय का कहना है कि जन्म के बाद नवजात को दूध पिलाने में सावधानी बरतना जरूरी है। यदि जन्म के बाद नवजात को दूध पिलाया गया तो उसे थपकी देने के बाद ही लिटाया जाए, वरना जान जाने का खतरा बना रहता है।

उनका कहना है कि डिलीवरी के दौरान ब्रेन में ऑक्सीजन नहीं पहुंचता है तो बच्चा दूध पीने में सक्षम नहीं होता है। यह भी देखा जाता है कि बच्चा दूध पीने लायक है कि नहीं। डॉक्टर की सलाह के बाद ही नवजात को दूध पिलाना चाहिए। प्रसूता को यह ध्यान रखना चाहिए कि वह लेट कर बच्चे को दूध न पिलाए। दूध पिलाने के बाद बच्चे को सीधे बेड पर न लिटाए। बैठ कर दूध पिलाने के बाद बच्चे के पीठ पर थपकी दे। इससे रिस्क कम होता है।

यह भी पढ़ें- सोनभद्र में खूबसूरती के बीच छिपा है खतरा, जरा सी लापरवाही पड़ सकती है भारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।