सोनभद्र में रास्ते से गायब हो गया दो विद्यालयों के एमडीएम का चावल, जिला खाद्य अधिकारी ने ठेकेदार को जारी किया नोटिस
सोनभद्र के गंभीरपुर में दो विद्यालयों के मिड डे मील का 6.55 क्विंटल चावल गायब हो गया है, जिसे ठेकेदार ...और पढ़ें

यह तस्वीर एआई के द्वारा बनाई गई है।
HighLights
गंभीरपुर के दो विद्यालयों का 6.55 क्विंटल एमडीएम चावल गायब।
ठेकेदार ने डिपो से उठाया चावल, कोटेदार तक नहीं पहुँचाया।
जिला खाद्य अधिकारी ने ठेकेदार को तत्काल चावल देने का नोटिस दिया।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र। म्योरपुर ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय व उच्च प्राथमिक विद्यालय गंभीरपुर का मिड डे मील का जुलाई से सितंबर तक का 6.55 क्विंटल चावल कोटेदार तक नहीं पहुंचा जबकि यह अनाज सिंगल स्टेज परिवहन ठेकेदार रेखा सिंह की ओर से 13-14 सितंबर को भारतीय खाद्य निगम के डिपो से उठाया जा चुका है।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी अनूप कुमार श्रीवास्तव ने ठेकेदार को नोटिस जारी कर तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही तत्काल चावल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। जिला खाद्य विपणन अधिकारी अनूप कुमार श्रीवास्तव की ओर से शनिवार को जारी नोटिस में बताया गया है कि क्षेत्रीय विपणन अधिकारी/प्रेषण प्रभारी मायाशंकर की 18 सितंबर की रिपोर्ट के अनुसार, ठेकेदार की ओर से 13-14 सितंबर को भारतीय खाद्य निगम के डिपो से एमडीएम चावल का उठान किया गया था।
इसके बावजूद म्योरपुर तहसील क्षेत्र में कोटेदार उमेश कुमार की दुकान पर प्राथमिक विद्यालय गंभीरपुर के जुलाई से सितंबर 2026 तक का आवंटित 3.51 क्विंटल चावल और उच्च प्राथमिक विद्यालय का 3.04 क्विंटल चावल उपलब्ध नहीं कराया गया। ठेकेदार के प्रतिनिधि अजय कुमार ने कोटेदार को दूरभाष पर यह खाद्यान्न अक्टूबर के राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के उठान के साथ उपलब्ध कराने की बात कही थी, जिसे प्रतिनिधि ने स्वीकार भी किया है।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए दोनों विद्यालयों का कुल 6.55 क्विंटल चावल तत्काल उपलब्ध कराने और तीन कार्य दिवस के भीतर यह स्पष्ट करने को कहा है। नोटिस में चेतावनी दी गई है कि संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उच्चाधिकारियों को संस्तुति भेजी जा सकती है।
