विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनभद्र में शराब के नशे में पत्नी की पीटकर की हत्या, फिर स्वजन से बोला हमें बचा लो

By mukesh srivastava Edited By: Abhishek sharma
Published: Tue, 24 Nov 2026 04:46 PM (IST)

सोनभद्र के पिपरडीह में रामकरन बैगा ने शराब के विवाद में अपनी पत्नी देवंती देवी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। सुबह उसने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया और मामले की जांच जारी है।

सोनभद्र में शराब के नशे में पति ने पत्नी को पीटकर मार डाला, फिर मांगी मदद।

सोनभद्र में शराब के नशे में पति ने पत्नी को पीटकर मार डाला, फिर मांगी मदद।

HighLights

  1. पति ने शराब के विवाद में पत्नी की हत्या की।

  2. सुबह परिजनों को सूचना देकर खुद को बचाने को कहा।

  3. पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर जांच शुरू की।

जागरण संवाददाता, सोनभद्र। पिपरडीह ग्राम पंचायत के शाहपुर टोला में 42 वर्षीय देवंती देवी की उसके पति रामकरन बैगा उर्फ पिंटू ने सोमवार की रात पीटकर हत्या कर दी। फिर मंगलवार की सुबह करीब छह बजे अपने स्वजन को घटना की जानकारी दी और बचा लेने की गुहार लगाई। स्वजन ने ग्राम प्रधान को और प्रधान ने पुलिस को जानकारी दी।

सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक लैब की टीम मौके पर पहुंची। साक्ष्य एकत्रित किया और पति को हिरासत में ले लिया। दंपती में पूर्व से ही शराब पीने को लेकर अक्सर विवाद होता था। रामकरन बैगा अपनी पत्नी देवंती के साथ शाहपुर टोला में घर से करीब दो किमी दूर पहाड़ पर मकान बनाकर रहता है। उसके आठ पुत्र पुत्रियां हैं। एक पुत्र और पुत्री की शादी कर चुका है।

शेष बच्चे देवंती के मायके रहते हैं। दुद्धी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमित मिश्रा ने बताया कि जांच में जानकारी मिली है कि दोनों में अक्सर शराब पीने को लेकर विवाद होता रहता था। जब भी पति शराब पीकर घर आता पत्नी की पिटाई करता था। सोमवार की रात भी पति शराब पीकर आया और पत्नी को बेरहमी से पीट दिया।

इससे देवंती की मौत हो गई। रात भर वह शव के साथ रहा। मंगलवार की सुबह करीब छह बजे उसने अपने स्वजन को घटना की जानकारी दी। स्वजन ने प्रधान को बताया। प्रधान की सूचना पर सीओ पिपरी हर्ष पांडेय, प्रभारी निरीक्षक अमित मिश्रा मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की।

सूचना पर फोरेंसिक लैब की टीम ने पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किया। महिला के शरीर पर कई जगह जलने, चोट और कटने के निशान मिले हैं। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मृतका के भाई हाथीनाला थाना क्षेत्र के खोखा गांव निवासी दिनेश लाल चेरो की तहरीर पर रामकरन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।