विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनभद्र में मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय के निर्माण के गुणवत्ता की होगी जांच, सोनांचल में दो विद्यालय हैं स्वीकृत

Published: Thu, 26 Nov 2026 03:10 PM (IST)

सोनभद्र जिले में मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालयों के निर्माण की गुणवत्ता की जांच अब थर्ड पार्टी एजेंसी (एमएनआईटी प्रयागराज) करेगी।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालयों की गुणवत्ता जांच थर्ड पार्टी करेगी।

  2. एमएनआईटी प्रयागराज करेगा निर्माण कार्य का तकनीकी परीक्षण।

  3. सोनभद्र के अरौली और जामपानी में बनेंगे दो विद्यालय।

जागरण संवाददाता, सोनभद्र। जिले में मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालयों के भवनों की गुणवत्ता की जांच थर्ड पार्टी एजेंसी करेगी। हालांकि अब तक राबर्ट्सगंज तहसील के अरौली और दुद्धी तहसील के जामपानी गांव में यह विद्यालय निर्माण के लिए स्वीकृत हुआ है। इसके लिए बजट भी आवंटित हो चुका है और टेंडर की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही निर्माण शुरू होगा।

निर्माण के साथ ही उसके गुणवत्ता की थर्ड पार्टी क्वालिटी आडिट भी होगी। शासन ने इसके लिए मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनआइटी) प्रयागराज को जिम्मेदारी सौंपी है। संस्थान जिले में विद्यालयों के निर्माण कार्य का तकनीकी परीक्षण कर गुणवत्ता का आकलन करेगा।

महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक कार्यालय की ओर से 19 नवंबर को जारी निर्देश में इसकी जानकारी दी गई है। बेसिक शिक्षा विभाग की पूंजीगत मद के तहत प्रथम एवं द्वितीय चरण में स्वीकृत मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालयों का निर्माण जनपद में होना है।

मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत इन विद्यालयों में प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक की पढ़ाई की व्यवस्था होनी है। शासन का उद्देश्य विद्यालयों का निर्माण निर्धारित समय में पूरा कराने के साथ गुणवत्तापूर्ण भवन तैयार कराकर शिक्षा विभाग को हस्तांतरित करना है।

25.28 करोड़ से होगा एक विद्यालय का निर्माण

निर्माण की जिम्मेदारी सीएंडडीएस को सौंपी गई है। एक विद्यालय के निर्माण कार्य पर 25 करोड़ 28 लाख रुपये की धनराशि खर्च की जाएगी। यहां स्मार्ट क्लास रूम बनेगा जिससे विद्यार्थी डिजिटल तकनीक की मदद से पढ़ाई कर सकेंगे। समुचित व्यवस्था से युक्त लाइब्रेरी भी बनाई जाएगी।

इसके अलावा कंप्यूटर लैब और विज्ञान एवं रोबोटिक्स की शिक्षा के लिए माड्यूलर कंपोजिट लैब स्थापित की जाएगी। अध्ययन के साथ ही प्रयोग पर जोर दिया जाएगा ताकि विद्यार्थियों में सीखने की क्षमता विकसित हो सके।

जनपद में अरौली और जामपानी गांव में मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय का निर्माण शुरू होना है। भवनों के गुणवत्ता के लिए थर्ड पार्टी क्वालिटी आडिट होगी। इसके लिए पत्र प्राप्त हुआ है। निर्माण शुरू होने पर ऑडिट होगी। -मुकुल आनंद पांडेय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।