सोनभद्र के लोहरा में बनेगा सीएम बालिका आवासीय इंटर कॉलेज, 6 से 12 तक मिलेगी मुफ्त शिक्षा
सोनभद्र के करमा ब्लॉक के लोहरा गांव में मुख्यमंत्री बालिका आवासीय इंटर कॉलेज बनाने की योजना है। यह कॉलेज गरीब ...और पढ़ें

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
HighLights
लोहरा गांव में बनेगा मुख्यमंत्री बालिका आवासीय इंटर कॉलेज।
कक्षा 6 से 12 तक निःशुल्क आवासीय शिक्षा मिलेगी।
करीब 24.23 करोड़ रुपये का अनुमानित खर्च होगा।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र। करमा ब्लॉक की बेटियों को अब बेहतर शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। गरीब परिवारों की बालिकाओं को कक्षा छह से 12 तक निश्शुल्क आवासीय शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लोहरा गांव में मुख्यमंत्री बालिका आवासीय इंटर कॉलेज बनाने की योजना है। इसके निर्माण पर करीब 24.23 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
इसके लिए तीन एकड़ जमीन चिह्नित की गई है। विद्यालय परिसर में छात्राओं के रहने के साथ शिक्षकों के आवास की भी व्यवस्था होगी। प्रदेश के पिछड़े ब्लाकों में बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए 128 मुख्यमंत्री बालिका आवासीय इंटर कॉलेज बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
इस योजना में सोनभद्र के करमा ब्लॉक के लोहरा गांव को भी शामिल किया गया है। हालांकि, अभी शासन ने निर्माण के लिए कार्यदायी संस्था तय नहीं की है और न ही बजट आवंटित हुआ है। ऐसे में विद्यालय निर्माण की प्रक्रिया शुरू होने के लिए शासन के अगले कदम का इंतजार है।
कस्तूरबा विद्यालय नहीं, इसलिए आवासीय शिक्षा की जरूरत
सोनभद्र के 10 ब्लाकों में करमा ही ऐसा ब्लाक है, जहां कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय नहीं है। ऐसे में क्षेत्र की जरूरतमंद बालिकाओं के लिए आवासीय शिक्षा की सुविधा उपलब्ध कराना अहम है। शासन ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय विहीन ब्लॉकों के लिए प्रस्ताव मांगा है। इसी क्रम में लोहरा गांव में इंटर कालेज निर्माण के लिए तीन एकड़ जमीन चिह्नित की गई है। विद्यालय बनने से गरीब और वंचित परिवारों की बेटियों को आगे की पढ़ाई जारी रखने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री आवासीय बालिका इंटर कॉलेज के लिए करमा ब्लॉक के लोहरा गांव में तीन एकड़ जमीन चिह्नित की गई है। प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। बजट आवंटन पर निर्माण की प्रक्रिया शुरू होगी।
- मुकुल आनंद पांडेय, बेसिक शिक्षा अधिकारी, अधिकारी।
